नई दिल्ली: ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगी कर रकम दुबई भेजने वाले संगठित नेटवर्क का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुलासा किया है। जांच में 1530 साइबर धोखाधड़ी शिकायतों के आधार पर 704 बैंक खातों का पता चला है। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को फर्जी कंपनियों के माध्यम से घुमाया गया। ईडी ने 320 बैंक खाते फ्रीज किए हैं, जिनमें 28.33 करोड़ रुपये जमा हैं। मामले में 10 लोगों और एक कंपनी के खिलाफ विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।
ईडी के कोलकाता जोनल ऑफिस-II ने पश्चिम बंगाल के बिधाननगर साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज चार एफआईआर के आधार पर पीएमएलए के तहत जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया विज्ञापनों और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। इसके लिए ‘ESCORTS’ और ‘Ssa-EE’ नाम के फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाए गए। इन पर निवेश के बदले काल्पनिक मुनाफा दिखाकर लोगों का भरोसा जीता जाता था।
शुरुआत में कुछ छोटी रकम निकालने की अनुमति दी जाती थी, लेकिन बड़ी रकम निकालने पर रोक लगा दी जाती थी। इसके बाद टैक्स, सर्विस चार्ज और अकाउंट एक्टिवेशन फीस के नाम पर पीड़ितों से और पैसे वसूले जाते थे।
फर्जी आयात दिखाकर दुबई भेजी रकम
जांच में पता चला कि ठगी की रकम अलग-अलग व्यक्तियों, प्रोपराइटरशिप फर्मों और बिना वास्तविक कारोबार वाली कंपनियों के बैंक खातों में भेजी गई। इन खातों का इस्तेमाल रकम छिपाने और उसे कई स्तरों पर ट्रांसफर करने के लिए किया गया।
ईडी के मुताबिक, असर इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए भी रकम दुबई भेजी गई। इसके लिए प्लास्टिक ग्रेन्यूल्स और अन्य सामानों के आयात का दिखावा किया गया। हालांकि, जांच में कंपनी के कार्यकाल के दौरान वास्तविक आयात या सामान की प्राप्ति का कोई प्रमाण नहीं मिला। आशंका है कि फर्जी आयात सौदों के जरिए अवैध रकम को वैध व्यापारिक भुगतान बताकर विदेश भेजा गया।
यह भी पढ़ें: रोहिंग्या नरसंहार पर ICJ में सुनवाई: 2017 में 10 हजार लोगों की हत्या के सबूत, म्यांमार पर गंभीर आरोप
11 आरोपी, कई राज्यों में छापेमारी
ईडी ने पीएमएलए की धारा 17 के तहत कई राज्यों में छापेमारी कर 320 बैंक खाते फ्रीज किए थे। इनमें 28.33 करोड़ रुपये जमा थे। मामले में अंकित अग्रवाल, अनुराग सिंह, ज्योतिंद्र मोहन नाथ, अजीत कुमार महतो, दिलीप कुमार सिंह, विवेक साह, आकाश सोनी, अभिनव शर्मा, सौविक पोद्दार, आदित्य प्रधान और असर इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है।

