Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsट्विशा केस: समर्थ और मां गिरीबाला सिंह की जेल में सुरक्षा पर...

ट्विशा केस: समर्थ और मां गिरीबाला सिंह की जेल में सुरक्षा पर सवाल, सीबीआई की 60 दिन की मांग का विरोध

भोपाल: ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में गुरुवार को भोपाल कोर्ट में सुनवाई के दौरान जेल में आरोपियों की सुरक्षा और सीबीआई की जांच की समय-सीमा को लेकर बहस हुई। पति समर्थ सिंह के वकील ने सीबीआई को अतिरिक्त जांच के लिए 60 दिन देने की मांग का विरोध किया। साथ ही समर्थ और उसकी मां गिरीबाला सिंह को जेल में आम कैदियों के बीच रखे जाने पर सुरक्षा संबंधी चिंता जताते हुए अदालत में आवेदन पेश किया।

जेल प्रशासन ने पेश किया प्रतिवेदन

आरोपियों की सुरक्षा को लेकर पेश आवेदन पर जेल प्रशासन ने अदालत में अपना प्रतिवेदन दिया। इसमें बताया गया कि गिरीबाला सिंह ने जेल में किसी तरह की परेशानी होने से इनकार किया है। वहीं, समर्थ सिंह को सामान्य कैदियों से अलग रखा गया है। उसकी सुरक्षा के लिए चार भरोसेमंद बंदियों को उसके साथ तैनात किया गया है।

आईफोन और सीसीटीवी की जांच बाकी

सुनवाई के दौरान समर्थ के वकील ने सीबीआई की 60 दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग का विरोध किया। सीबीआई ने दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु से जुड़े पहलुओं पर अग्रिम जांच पूरी करने के लिए यह समय मांगा है।

एजेंसी के मुताबिक, ट्विशा के आईफोन से डेटा निकालने की प्रक्रिया बाकी है। इससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। इसके अलावा आरोपियों के घर से जब्त डीवीआर के सीसीटीवी फुटेज की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली है।

सीबीआई ने डीवीआर का डेटा जांच के लिए CFSL, DFSS नई दिल्ली भेजा है। इसमें यह पता लगाया जाना है कि फुटेज की निरंतरता बनी हुई है या उसके साथ कोई छेड़छाड़ की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद एजेंसी आगे की कार्रवाई करेगी।

90 दिन की अवधि पूरी, 60 दिन और मांगे

सीबीआई ने 14 अगस्त को आरोप पत्र तैयार कर 17 अगस्त 2026 को भोपाल कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद कुछ बिंदुओं पर आगे की जांच के लिए अदालत से अनुमति ली गई थी। कोर्ट ने BNSS की धारा 193(9) के तहत अग्रिम जांच की मंजूरी दी थी।

सीबीआई के आवेदन के अनुसार, अग्रिम जांच के लिए मिली 90 दिन की अवधि पूरी हो रही है, लेकिन आईफोन के डेटा और सीसीटीवी फुटेज की फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण जांच लंबित है। इसी आधार पर सीबीआई की डीएसपी निशु कुशवाहा ने 60 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।

मध्यप्रदेश शासन के अनुरोध पर सीबीआई ने 25 मई 2026 को मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। कटारा हिल्स थाने में दर्ज एफआईआर में पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: जबलपुर में तीन संदिग्ध अफगानी गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट-वीजा की जांच में जुटी ATS

23 नवंबर को अगली सुनवाई

गुरुवार की सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 23 नवंबर तय की है। इस दिन सीबीआई को अतिरिक्त समय देने की मांग और आरोपियों की जेल में सुरक्षा से जुड़े आवेदन पर आगे सुनवाई होगी।

उधर, ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मुकदमे का ट्रायल दिल्ली की अदालत में कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई आगे बढ़ा दी गई है। पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने गिरीबाला और समर्थ सिंह को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया था।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन