आपसी सहमति से आज रात 10 बजे होगा गंजबासौदा निवासी शिवम यादव से विवाह
गुलाबगंज: प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे विवाद में पुलिस की समझाइश रंग लाई। गुलाबगंज थाना क्षेत्र की युवती और गंजबासौदा के युवक के परिजनों के बीच चल रही खींचतान आखिरकार सहमति में बदल गई। दोनों परिवारों ने आपसी रजामंदी से विवाह कराने का फैसला किया है। आज रात 10 बजे गुलाबगंज में दोनों सात फेरे लेकर एक-दूजे के हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, युवती संजना (बदला हुआ नाम) उम्र 20 वर्ष और गंजबासौदा निवासी शिवम यादव उम्र 23 वर्ष के बीच विगत एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों विवाह करना चाहते थे, किंतु युवक के परिजनों द्वारा विवाह की सहमति नहीं दिए जाने के कारण युवती द्वारा वरिष्ठ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
दोनों पक्षों में बनी सहमति
उक्त मामले में दोनों पक्षों के परिजनों के मध्य आपसी बातचीत एवं समझाइश के पश्चात आपसी सहमति से समझौता हो गया। दिनांक 20 नवंबर 2026 को दोनों ने अपनी स्वतंत्र इच्छा एवं पूर्ण राजीखुशी से विवाह करने के लिए तैयार हो गए हैं।
पहले विवाह का समय दोपहर 2 बजे गायत्री मंदिर विदिशा में निर्धारित था, लेकिन थाना गुलाबगंज में चर्चा के दौरान समय गुजर जाने से 5 बज गया था। इसके बाद लड़का पक्ष के लोग गंजबासौदा वापस चले गए थे। अब तय हुआ है कि आज रात 9 से 10 बजे के बीच शिवम दूल्हा बनकर गंजबासौदा से गुलाबगंज आएंगे और दुल्हन के घर पर सात फेरे लेकर उसे अपने साथ विदा कराकर ले जाएंगे।
शिकायत वापस लेने पर भी सहमति
विवाह उपरांत युवती अपने पति शिवम यादव के साथ गंजबासौदा स्थित ससुराल जाने के लिए सहमत हुई। दोनों पक्षों द्वारा भविष्य में एक-दूसरे को परेशान अथवा प्रताड़ित नहीं करने तथा आपसी वैवाहिक जीवन शांतिपूर्वक व्यतीत करने की सहमति व्यक्त की गई। युवती द्वारा पूर्व में प्रस्तुत शिकायत आवेदन वापस लेने एवं भविष्य में उक्त संबंध में कोई शिकायत नहीं करने की सहमति भी व्यक्त की गई।
इस प्रकार दोनों पक्षों के मध्य आपसी सहमति एवं समझाइश से विवाद का निराकरण किया गया। समझौते के बाद से लड़की पक्ष के परिवार में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें: गुलाबगंज में आदिवासी युवती का शोषण, बैंड बाजा बारात लाने से दूल्हे का इनकार
पुलिस के प्रयासों की सराहना
इस मामले में पुलिस अधीक्षक रोहित केसवानी और गुलाबगंज थाना प्रभारी सुरेश सोलंकी के अथक प्रयासों से दोनों परिवारों को आपसी सहमति से विवाह करने के लिए राजी किया गया। दस्तावेजों के आधार पर लड़की का पक्ष काफी मजबूत था और उसके पास पर्याप्त सबूत भी थे, लेकिन पुलिस ने इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रशंसनीय कार्य किया।
बताया गया कि पूरे घटनाक्रम से पुलिस अधीक्षक विदिशा को अवगत कराया गया था, क्योंकि विदिशा शहर में हाल में हुई घटनाओं के कारण शांति व्यवस्था को लेकर चिंता थी। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मानवता का परिचय दिया।

