Sunday, November 22, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमेटा के तीन शहरों के ऑफिस में यूथ कांग्रेस का हंगामा, मुंबई...

मेटा के तीन शहरों के ऑफिस में यूथ कांग्रेस का हंगामा, मुंबई में 4 नेताओं पर FIR, अकाउंट सस्पेंड होने के विरोध में किया था प्रदर्शन

मुंबई: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा के खिलाफ इंडियन यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब विवादों में घिर गया है। मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में मेटा के कार्यालयों के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। मामले में मुंबई पुलिस ने यूथ कांग्रेस के चार नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं, हैदराबाद में पुलिस ने करीब 21 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।

दरअसल, यूथ कांग्रेस ने 20 नवंबर को विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में मेटा के तीन शहरों में स्थित कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया था। संगठन का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर मेटा ने 19 नवंबर को यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए थे।

मुंबई में शीशे पर लिखा नारा, चार नेताओं के खिलाफ FIR

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और पोस्टर जलाए। पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग वहां एकत्र हुए थे। इस दौरान एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिख दिया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर को नामजद किया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट सहित संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है।

हैदराबाद में ऑफिस के अंदर पहुंचे प्रदर्शनकारी

हैदराबाद में तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा के कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया तक पहुंच गए। इस दौरान तोड़फोड़ और हंगामे की खबरें सामने आईं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया। लगभग तीन घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।

वहीं, गुरुग्राम में प्रदर्शनकारियों ने मेटा ऑफिस के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। तीनों शहरों में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।

यूथ कांग्रेस का दावा- प्रदर्शन के बाद बहाल हुए इंस्टाग्राम अकाउंट

यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि मेटा ऑफिस के बाहर प्रदर्शन शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए थे।

संगठन ने मेटा के सामने चार मांगें रखी हैं। यूथ कांग्रेस ने पूछा है कि पिछले छह महीनों में सरकार के आदेश पर कितने भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए गए और वर्तमान में कितने अकाउंट पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

संगठन ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम भी दिया है। उसका कहना है कि यदि इस अवधि में विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में मेटा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: होटल, कैटरिंग और EV परिवहन पर GST के नए नियम, ITC की सीमा 2.5% तय

भाजपा और BRS ने प्रदर्शन पर उठाए सवाल?

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने मेटा कार्यालय में तोड़फोड़ की और सोशल मीडिया पर इसका प्रचार भी किया। उन्होंने कांग्रेस को गुंडों की पार्टी बताते हुए राहुल गांधी पर भी हमला बोला।

दूसरी ओर, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने हैदराबाद में हुई घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि हैदराबाद की कारोबारी छवि को भी नुकसान पहुंचा है।

KTR के मुताबिक, मेटा ने हैदराबाद में अपना सबसे बड़ा कैंपस बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया है। उन्होंने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन वर्षों में वह कौन-सा बड़ा ग्लोबल ब्रांड है, जिसे सरकार हैदराबाद लेकर आई है।

फिलहाल मेटा ऑफिसों में हुए प्रदर्शन और तोड़फोड़ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। एक तरफ यूथ कांग्रेस सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़ रही है, वहीं भाजपा और BRS ने प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाए हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन