ढाका: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा आईईडी बम बरामद किए हैं। सीमा सुरक्षा बल यानी BGB ने छापेमारी के दौरान बमों के अलावा दो बंदूकें और 254 कारतूस भी जब्त किए हैं।
मामले में दो ऑटो रिक्शा चालकों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद हथियारों और विस्फोटकों के स्रोत के साथ इनके संभावित इस्तेमाल की जांच कर रही हैं।
विस्फोटक म्यांमार से तस्करी कर लाए गए थे
BGB के मुताबिक, हथियार और विस्फोटक म्यांमार से तस्करी कर लाए गए थे। आशंका है कि इनका इस्तेमाल बांग्लादेश में किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था। हालांकि, जांच एजेंसी को अभी यह पता नहीं चला है कि संभावित हमले का निशाना कौन था।
बम बनाने का सामान भी मिला
BGB को शनिवार रात हथियारों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद कॉक्स बाजार में चेकपोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान बम बनाने का सामान भी मिला। सुरक्षाबलों ने 2 ऑटो रिक्शा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। माना जा रहा है कि इनका इस्तेमाल हथियारों और विस्फोटकों की ढुलाई में किया गया था।
BGB की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक संगठित गिरोह ने म्यांमार से हथियार और विस्फोटक खरीदकर छिपे रास्तों से बांग्लादेश पहुंचाए थे।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद इब्राहिम और मेहदी हसन के रूप में हुई है। इब्राहिम टेकनाफ के लेंगुरबिल इलाके का रहने वाला है, जबकि मेहदी हसन नतुन पल्लानपारा में रहता है। दोनों ऑटो रिक्शा चालक हैं।

