Sunday, November 22, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsप्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में 9.88 करोड़ के विकास कार्यों...

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में 9.88 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

वार्डों की जरूरतों के अनुरूप बनेगी विकास की योजना, जनसंवाद से तय होंगी प्राथमिकताएं

बैतूल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल विधानसभा के वार्ड स्तरीय क्लस्टर बैठकों को संबोधित कर 9 करोड़ 88 लाख से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि वार्डों की जरूरतों के अनुरूप विकास की कार्ययोजना बनेगी। जनसंवाद से बैतूल के विकास की प्राथमिकताएं तय होंगी।

खंजनपुर स्थित सिल्वर लॉन में आयोजित क्लस्टर बैठक में सुभाष, अर्जुन, दुर्गा, मालवीय, शिवाजी एवं गांधी वार्ड के नागरिकों से संवाद किया गया। इन छह वार्डों में 5 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत 31 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मोती वार्ड स्थित रॉय साहब का बगीचा में आयोजित बैठक में तिलक, आजाद, आर्यपुरा, मोती, किदवई एवं गौठाना वार्ड के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ नगर विकास के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इन वार्डों में 1 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। टिकारी स्थित मेघनाथ चौक में सवा तीन करोड़ के 27 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। बैठकों को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।

वार्डों की जरूरतों के अनुरूप बनेगी विकास की कार्ययोजना

खण्डेलवाल ने कहा कि नगर का विकास केवल सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है। नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विकास योजनाएं तभी सार्थक होंगी, जब वे वार्डों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार हों और उनका लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि बैतूल को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। प्रत्येक वार्ड में ऐसी सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए, जिससे नागरिकों को रोजमर्रा के कार्यों में सहूलियत मिले।

बैतूल नगर और जिला विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके सामूहिक प्रयास के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र दादा धूनी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 लाख रुपये की लागत से भक्त निवास निर्माण कराने की घोषणा की। इसके पूर्ण होने से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि बैतूल में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए व्यापक खेल अधोसंरचना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। क्रिकेट के साथ फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, तैराकी और एथलेटिक्स जैसे खेलों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य है।

शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड को 10 एकड़ भूमि पर शहर से बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है। 50 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही एचएमटी फैक्ट्री के पास लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: सैर सपाटा पर 82वीं पोएट्स वॉक, कविताओं से गुलजार हुआ झील किनारा

रॉय साहब के बगीचे का होगा कायाकल्प, 28 दुकानों का होगा निर्माण

खण्डेलवाल ने कहा कि रॉय साहब के बगीचे का कायाकल्प करने के साथ 28 दुकानों का निर्माण होगा। हर वार्ड का समग्र विकास, स्वच्छ-सुंदर बैतूल का निर्माण और नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना ही हमारा संकल्प है।

उन्होंने कहा कि नगर का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और हर वार्ड के नागरिक तक पहुंचे। बैतूल में बेहतर सड़कें, स्वच्छता व्यवस्था, सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास हमारी प्राथमिकता है।

बैठकों में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, नगरपालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विक्रम वैद्य, सीसीबी के पूर्व अध्यक्ष बसंत बाबा माकोड़े, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा, सांसद प्रतिनिधि कैलाश बंडू धोटे सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, एल्डरमैन, गणमान्य नागरिक, वार्डवासी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन