इंदौर: शीतकालीन त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने का फैसला लिया है।
इसके तहत रतलाम मंडल से होकर उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए 6 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें डॉ. आंबेडकर नगर से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन इंदौर स्टेशन से होकर गुजरेगी।
वहीं, अन्य स्पेशल ट्रेनों का लाभ रतलाम, नागदा, उज्जैन और दाहोद के यात्रियों को मिलेगा। इससे त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार ने दी जानकारी
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि इन ट्रेनों का संचालन 22 नवंबर से अलग-अलग तारीखों में शुरू होगा। इससे गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बरौनी जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इंदौर से गोरखपुर के लिए आज रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 09327 डॉ. आंबेडकर नगर-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को शाम 6 बजे डॉ. आंबेडकर नगर से रवाना होगी। यह शाम 6.30 बजे इंदौर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट ठहराव के बाद शाम 6.40 बजे आगे के लिए रवाना होगी। ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज और उज्जैन होते हुए मंगलवार रात 1 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
बरौनी के लिए दो स्पेशल ट्रेनें
ट्रेन नंबर 09459 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 22 नवंबर को रात 1 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। यह सुबह 6.50 बजे रतलाम और 7.48 बजे नागदा पहुंचेगी। अगले दिन रात 8 बजे बरौनी पहुंचने का समय निर्धारित है।
इसी तरह ट्रेन नंबर 05226 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। यह दाहोद, रतलाम, नागदा और उज्जैन होते हुए गुरुवार सुबह 3 बजे बरौनी पहुंचेगी।
ये भी पढे़ं: पति की डांट से नाराज महिला ने दो बच्चों के साथ खाया जहर, तीनों की मौत
बांद्रा और वलसाड से गोरखपुर-रक्सौल के लिए ट्रेनें
ट्रेन नंबर 09171 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 4.30 बजे बांद्रा से रवाना होगी। यह दोपहर 2.30 बजे रतलाम और 3.23 बजे नागदा पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 09137 वलसाड-रक्सौल स्पेशल 22 नवंबर को रात 10.20 बजे वलसाड से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 5.25 बजे रतलाम और 6.53 बजे नागदा पहुंचेगी।

