ग्वालियर: जिले के हजीरा स्थित प्रगति नगर में आवारा सांडों के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे सांडों का झुंड अचानक गली में भिड़ गया।
सांडों के बीच हुई इस लड़ाई के दौरान सड़क किनारे खड़ी कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। सांडों ने कारों की छत और बोनट तक तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है।
दो युवक सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बचे
इस दौरान गली से गुजर रहे दो युवक भी सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या आए दिन बनी रहती है। रात में बच्चे गली में खेलना तो दूर, बाहर खड़े भी नहीं हो पाते। शिकायत के बाद रविवार सुबह से नगर निगम की टीम सांडों को पकड़ने में जुट गई है।
कार की बोनट के ऊपर चढ़ गया सांड
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे सांडों का एक झुंड प्रगति नगर की गली में आ धमका। देखते ही देखते एक घर के सामने दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ाई के दौरान जब एक सांड कमजोर पड़ने लगा, तो जान बचाने के चलते वह गली में खड़ी एक कार के ऊपर चढ़ते हुए दूसरी तरफ कूद गया। इससे कार की छत और बोनट बुरी तरह पिचक गए। इसके बाद बेकाबू हुए सांडों ने गली में खड़ी कई अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया।
दहशत में कॉलोनी के लोग
सांडों के इस तांडव के वक्त गली से गुजर रहे दो युवक भी इनके बीच फंसते-फंसते बचे। स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह ने बताया कि कॉलोनी के कुछ लोग घरों के बाहर बचा हुआ खाना फेंक देते हैं। इसी खाने की तलाश में रात के समय यहां आवारा गायों और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। हालात यह हैं कि रात में सांडों के डर से लोगों ने घरों से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है।
ये भी पढ़ें: यूपी-बिहार के लिए 6 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे: इंदौर, रतलाम और उज्जैन के यात्रियों को राहत
हरकत में आया नगर निगम
आधी रात को हुए इस नुकसान और दहशत के बाद रविवार सुबह कॉलोनीवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद निगम का मदाखलत और गौशाला दस्ता सक्रिय हुआ। रविवार सुबह से ही नगर निगम की टीम इलाके में इन उत्पाती सांडों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।

