Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news10 करोड़ की लोन सेटलमेंट ठगी में मोहित गोगिया पर चार्जशीट, फर्जी...

10 करोड़ की लोन सेटलमेंट ठगी में मोहित गोगिया पर चार्जशीट, फर्जी बैंक चैट दिखाकर ऐंठ थे रुपये

भोपाल: आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने बैंक का 10 करोड़ रुपये का लोन सेटल कराने के नाम पर ठगी करने के मामले में मुख्य आरोपी मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। आरोपी पर भोपाल की डेयरी उत्पाद निर्माता कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि गोगिया ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत होने का दावा करते हुए फर्जी चैट दिखाई थी। हालांकि, बैंक प्रबंधन ने ऐसी किसी बातचीत से इन्कार किया है।

अगस्त 2025 में दर्ज हुई थी एफआईआर

किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और कंपनी एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। आरोप है कि बैंक का लोन सेटल कराने का भरोसा देकर 10 करोड़ रुपये की ठगी की गई। जांच पूरी होने के बाद ईओडब्ल्यू ने मुख्य आरोपी के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश की है।

शराब दुकानों के लिए रिश्वत और फर्जी एफडीआर का भी जिक्र

मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब इंटरनेट मीडिया पर मोहित गोगिया का कथित बयान प्रसारित हुआ था। इसमें मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) दीपम रायचुरा को एक करोड़ रुपये रिश्वत देने का जिक्र था। कथित बयान में भोपाल में शराब की दो दुकानें हासिल करने के लिए रिश्वत देने और दुकानों के लिए करीब पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में मदद मिलने की बात भी कही गई थी। विभागीय जांच में एफडीआर फर्जी पाई गई थीं।

यह भी पढ़ें: ITI-पॉलिटेक्निक का सिलेबस बदलेगी सरकार: कंपनियों की जरूरत के हिसाब से तैयार होंगे युवा

तीन राज्यों समेत कई जगह ठगी के मामले

मोहित गोगिया के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी के मामले कई राज्यों में दर्ज हैं। दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ ठगी के 10 से अधिक मामले बताए गए हैं। पिछले वर्ष दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन