ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। नराइल जिले के कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव में शुक्रवार को भीड़ ने कई मकानों और दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, करीब 30 मकानों में आग लगाई गई। हमले में पूर्व सांसद, पूर्व मेयर और अवामी लीग के पदाधिकारियों के घर भी निशाने पर रहे। हिंसा के बाद सरकार ने सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 95 प्लाटून तैनात की हैं।
पूर्व सांसद और पार्टी पदाधिकारियों के घर निशाने पर
‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, बेंदारचर गांव में शुक्रवार दोपहर शुरू हुई हिंसा आधी रात तक जारी रही। जिन मकानों पर हमला हुआ, उनमें पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और अवामी लीग के महासचिव कृष्णपदा घोष के घर शामिल हैं।
रात करीब आठ बजे दमकलकर्मियों को गांव में 20 से 30 मकान जलते मिले। स्थानीय लोगों ने BNP समर्थकों पर करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, स्थानीय BNP नेताओं ने इन आरोपों से इनकार किया है।
कालिया के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद जिन्नतुल इस्लाम ने बताया कि पूर्व सांसद के घर समेत कई मकानों में तोड़फोड़ की गई। पांच से छह घरों में आग लगाने की जानकारी भी सामने आई है। उन्होंने मुक्ति और कृष्णपदा घोष के घरों पर हमले की पुष्टि की। मामले की जांच की जा रही है।
दो BNP नेताओं की हत्या के बाद बढ़ा विवाद
नराइल पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह मारे गए BNP के दो नेताओं के रिश्तेदार और समर्थक शुक्रवार को बेंदारचर गांव में जुटे थे। इन लोगों ने उन अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाया, जिन पर हत्याओं में शामिल होने के आरोप हैं।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने बताया कि BNP नेताओं के समर्थकों ने तीन से चार घरों में तोड़फोड़ की। यह तनाव 18 नवंबर को BNP के मोटरसाइकिल जुलूस पर हुए हमले के बाद बढ़ा था। इस हमले में पार्टी से जुड़े दो नेताओं की हत्या कर दी गई थी।
इस बीच पटुआखाली में भी गुरुवार रात से शुक्रवार शाम के बीच अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों के घरों पर हमले हुए। शनिवार को पबना की बेरा नगर पालिका में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच झड़प हुई। ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रबर की गोलियां और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
सात जिलों में BGB की 95 प्लाटून तैनात
लगातार हो रही हिंसा के मद्देनजर बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में BGB की 95 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें गोपालगंज में तैनात दो बटालियन भी शामिल हैं।
बीडी24न्यूज के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। BGB मुख्यालय ड्रोन और बॉडी कैमरों के जरिए 24 घंटे लाइव फुटेज की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत-बांग्लादेश में तनाव
बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी का मुद्दा भी दोनों देशों के संबंधों में तनाव की वजह बना हुआ है। हसीना के वकीलों ने दिसंबर में प्रस्तावित वापसी के लिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से नए दस्तावेज मांगे थे। हालांकि, नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग खारिज होने के बाद विवाद और बढ़ गया।
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से जाना पड़ा था। इसके बाद वह भारत पहुंच गई थीं। अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था। तब से वह भारत में रह रही हैं।
यह भी पढ़ें: उज्जैन में ई-रिक्शा की टक्कर से भाजपा नेता की मौत: हादसे का CCTV फुटेज आया सामने
प्रत्यर्पण के लिए भारत पर दबाव
शेख हसीना की वापसी की मांग को लेकर अवामी लीग ने 19 नवंबर से देशव्यापी बंद सहित एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन किए। वहीं, बांग्लादेश का ढाका प्रशासन हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत पर लगातार दबाव बना रहा है।
मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार और उसके बाद BNP सरकार ने भी हसीना को वापस भेजने की मांग की है। बांग्लादेश चाहता है कि मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत उन्हें वापस भेजे। इस मुद्दे के बीच देश में अवामी लीग और BNP समर्थकों के बीच टकराव की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

