उज्जैन: जिले में सड़क हादसे में भाजपा नेता और मीडियाकर्मी लखन परमार की मौत हो गई। शनिवार शाम वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी सांदीपनि आश्रम के सामने तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में लखन परमार के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं, रविवार दोपहर 12 बजे इस हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
सिद्ध दरवाजा, भैरवगढ़ निवासी लखन शनिवार को किसी काम से पुराने शहर आए थे। शाम करीब 5 बजे वे अकेले बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सांदीपनि आश्रम के सामने ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
भाजपा के सक्रिय नेता और मीडियाकर्मी थे लखन
लखन के भतीजे अजय ने बताया कि उनके चाचा भाजपा के सक्रिय नेता और मीडियाकर्मी थे। वे भाजपा के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ और मंडल स्तर पर सक्रिय थे।
ये भी पढ़ें: इंदौर की अनादि तागड़े भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनीं, इंग्लैंड के खिलाफ संभालेंगी जिम्मेदारी
पुलिस ने किया मामला दर्ज,जांच में जुटी
पुलिस ने घटना के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। अब CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ई-रिक्शा चालक की पहचान और हादसे के घटनाक्रम की जांच करेगी। चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद लखन का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

