भोपाल: राजधानी भोपाल में खेली जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तीसरे दिन जापान ने जीत के साथ शुरुआत की। रविवार को नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए पहले मुकाबले में जापान ने चीन को 3-1 से हराया।
इस जीत के साथ जापान ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली है। वहीं, चीन को लगातार दूसरे मुकाबले में जीत नहीं मिल सकी।
दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच मैच शुरू
दिन का दूसरा मुकाबला दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच शुरू हो गया है। वहीं, मेजबान भारतीय टीम शाम 5 बजे थाईलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। लगातार दो मैच जीत चुकी टीम इंडिया की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर रहेगी।
दिन के पहले मुकाबले में जापान और चीन की टीमें आमने-सामने थीं। जापान ने चीन को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले जापान ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले भी जीते थे। वहीं, चीन को लगातार दूसरे मैच में जीत नहीं मिली।
दो मैच जीत चुकी है भारतीय टीम
भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से हराकर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद कोरिया को उसने 2-1 से हराया। थाईलैंड के खिलाफ तीसरे मैच में भारत की नजर जीत का सिलसिला बनाए रखने पर होगी। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम इस बार लगातार तीसरी और कुल चौथी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ खेल रही है।
ये भी पढे़ं: इंदौर की अनादि तागड़े भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनीं, इंग्लैंड के खिलाफ संभालेंगी जिम्मेदारी
दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच दूसरा मुकाबला
दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाला दूसरा मुकाबला भी अंक तालिका के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। छह देशों की इस प्रतियोगिता में हर टीम राउंड रॉबिन लीग के मुकाबलों के जरिए आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है।
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले नाथू बरखेड़ा के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जा रहे हैं। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।

