भोपाल: मध्यप्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक के कार्यवृत्त से संबंधित फाइल गृह विभाग ने मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पास भेज दी है। अब मुख्य सचिव यह फाइल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेजेंगे। मुख्यमंत्री तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के पैनल में से किसी एक के नाम पर अंतिम फैसला लेंगे।
यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी ने डीजीपी पद के लिए 1991 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार किया है। इसमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद चयनित अधिकारी के नाम से संबंधित फाइल दोबारा मुख्य सचिव के पास पहुंचेगी। इसके बाद नए डीजीपी की नियुक्ति का आदेश जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, अरुणाचल के विकास की अनदेखी , मोदी सरकार ने बढ़ाई आर्थिक मदद
30 नवंबर को रिटायर होंगे कैलाश मकवाना
वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार को उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति करनी है। पैनल तैयार होने और फाइल मुख्य सचिव तक पहुंचने के बाद अब नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। तीनों अधिकारियों में से किसे प्रदेश पुलिस की कमान सौंपी जाएगी, इसका फैसला मुख्यमंत्री करेंगे।

