मुंबई: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मैसा’ की रिलीज आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने रविवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि कर दी। हालांकि, फिल्म की नई रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस अनफॉर्मूला फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर रिलीज टालने की जानकारी दी। मेकर्स ने बताया कि फिल्म को बड़े पर्दे पर बेहतर अनुभव के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।
बिना समझौते के तैयार करना चाहते हैं फिल्म
प्रोडक्शन हाउस ने अपने बयान में कहा कि तेलुगु सिनेमा इस समय रोमांचक दौर से गुजर रहा है। लगातार ऐसी फिल्में बन रही हैं, जो तकनीकी गुणवत्ता और शानदार निर्माण के नए मानक स्थापित कर रही हैं। इसी सोच के साथ ‘मैसा’ को भी एक अलग तरह की तकनीकी रूप से बेहतरीन एक्शन फिल्म के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म की परिकल्पना को बिना किसी समझौते के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए 27 नवंबर की रिलीज टालने का सामूहिक फैसला लिया गया है। नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने दर्शकों से मिले प्यार और सहयोग के लिए आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि उन्हें ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
रश्मिका को भी नहीं पता नई रिलीज डेट
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मेकर्स का बयान साझा किया। उन्होंने लिखा कि फिल्म की रिलीज आगे बढ़ रही है। उन्हें खुद भी नई तारीख की जानकारी नहीं है, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चलेगा, वह इसकी जानकारी प्रशंसकों को दे देंगी।
यह भी पढ़ें: एमपी के नए डीजीपी के लिए तीन नामों का पैनल तैयार, 30 नवंबर से पहले होगा फैसला
पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
पहले आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मेकर्स 11 दिसंबर को फिल्म रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं।
‘मैसा’ को तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया जाना है। फिल्म में रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ ईश्वरी राव, राहुल रविंद्रन, समुथिरकानी, राव रमेश, शिवा कंदुकुरी, कार्तिक रंजिनी, तारक पोनप्पा और निधि सिंह भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

