भोपाल: रविवार की सुबह जब पूरा शहर अभी नींद से जाग ही रहा था, तब सैर सपाटा का झील किनारा कविताओं से गुलजार हो गया। ठंडी हवा, झील की लहरें और कवियों की आवाज… छतनारा समूह की 82वीं पोएट्स वॉक में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां 32 से अधिक कवि, शायर और साहित्य प्रेमी एक साथ जुटे।
कार्यक्रम की शुरुआत वन विहार के चीकू द्वार के बाहर प्रतिभागियों के एकत्र होने से हुई। इसके बाद सभी ने सामूहिक सैर की। सैर के दौरान विश्व कविता, अनुवाद और साहित्य की विभिन्न विधाओं पर चर्चा हुई। प्रकृति के बीच चलते हुए साहित्य और विचारों का यह आदान-प्रदान आयोजन को एक अनूठा अनुभव बना गया।
सैर के बाद सैर सपाटा के समीप झील किनारे कविता पाठ का दौर शुरू हुआ। युवा शायर अनुराग भरत ने पोएट्स वॉक की अवधारणा और उद्देश्य साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्य को मंचों और सभागारों से बाहर निकालकर आम लोगों, प्रकृति और रोजमर्रा के जीवन से जोड़ने का माध्यम हैं। शायर अभय शुक्ला की गजलों के पाठ के साथ साहित्यिक सत्र आगे बढ़ा।
किसी रचना में प्रेम और विरह की कोमल अनुभूतियां देखने को मिलीं, तो कहीं हास्य और जीवन के सहज प्रसंगों ने श्रोताओं को मुस्कुराने का अवसर दिया। अमित गांगले, सुहास मिश्रा, शिवम शिवेदी, अभिषेक, विशाल पाटीदार, कुमार रंजन, सुरेंद्र प्रजापति और अरबाज खान सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी कविताओं और शायरी से कार्यक्रम में विविध रंग भरे।
देवेन्द्र जेठवानी की पंक्तियों में प्रेम और स्मृतियों की गहराई महसूस हुई –
‘जिस शख्स की तस्वीर को मैंने,
अपने दिल के भीतर उतारा है…’
वहीं विशाल पाटीदार की कविता में नदी और जलधारा के बिंबों के माध्यम से प्रेम की व्यापकता और आत्मिक जुड़ाव अभिव्यक्त हुआ –
‘तुम नदियों की जलधारा हो,
जलधाराओं का शोर तुम्हीं,
बन शून्य समाई हो मुझमें,
और मेरे चारों ओर तुम्हीं….’
यह भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना की ‘मैसा’ की रिलीज टली: 27 नवंबर को सिनेमाघरों में नहीं आएगी फिल्म, नई तारीख का जल्द होगा ऐलान
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवा रचनाकारों, कॉलेज के छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त सदस्यों की भागीदारी ने इसे पीढ़ियों के साझा साहित्यिक मंच का स्वरूप दिया। कई प्रतिभागी अपने परिवारों के साथ पहुंचे, जिससे आयोजन में कविता के साथ सामाजिक जुड़ाव और आत्मीयता भी नजर आई।
समापन पर छतनारा समूह की निर्देशिका मोहिनी शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। 82वीं पोएट्स वॉक ने यह संदेश दिया कि कविता सिर्फ शब्दों की रचना नहीं, बल्कि प्रकृति, संवेदनाओं और लोगों के बीच रिश्तों को जोड़ने वाली एक साझा अभिव्यक्ति है।

