डुडवा में 25 भैंसों की डेयरी इकाई का उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने किया निरीक्षण
बालाघाट: मुख्यमंत्री मोहन यादव की महत्वाकांक्षी डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना का उद्देश्य मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। योजना के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक डेयरी इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. घनश्याम परते ने किरनापुर तहसील के ग्राम डुडवा पहुंचकर योजना के हितग्राही ईशू लाल कोरे की डेयरी इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालक से योजना के क्रियान्वयन एवं पशुपालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
हितग्राही कोरे द्वारा योजना के अंतर्गत 25 भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित की जा रही है। इस परियोजना की इकाई लागत 42 लाख रुपये निर्धारित है, जिसमें पात्र हितग्राही को 25 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।
निरीक्षण के दौरान पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेन्द्र घोड़ेश्वार ने सेक्स सॉर्टेड सीमन (SSS) तकनीक एवं कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से उन्नत नस्ल के पशुओं की संख्या बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: हिर्री मंडई में फूड पॉइजनिंग का मामला: खाद्य सुरक्षा विभाग ने चाऊमीन विक्रेता से लिए 13 नमूने, खाद्य सामग्री जब्त
उप संचालक डॉ. परते ने पशुपालक को पशुओं के उचित पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन, वैज्ञानिक देखभाल एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। योजना से क्षेत्र में डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

