उज्जैन। भगवान शिव और विष्णु की एकात्मता के प्रतीक हरिहर मिलन की परंपरा उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी पर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निभाई गई। रविवार रात भगवान महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण को सृष्टि के संचालन का कार्यभार सौंपा। इसके बाद सोमवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में भी हरिहर मिलन का दिव्य स्वरूप देखने को मिला। इस दौरान बाबा महाकाल ने वैष्णव तिलक धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। इस अनूठे धार्मिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
रात 11 बजे निकली महाकाल की सवारी, गोपाल मंदिर में हुआ पूजन
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की वैकुंठ चतुर्दशी पर रविवार रात करीब 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से हरिहर मिलन की पारंपरिक सवारी निकाली गई। बाबा महाकाल श्री मनमहेश स्वरूप में रजत पालकी में विराजमान होकर महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचे।
यहां शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में भगवान महाकाल और भगवान गोपाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। चातुर्मास की समाप्ति पर भगवान शिव ने भगवान विष्णु को पुन: सृष्टि के संचालन का दायित्व सौंपा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, चातुर्मास के चार महीने भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं और इस दौरान सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं।
शिव को तुलसी, विष्णु को अर्पित की बिल्वपत्र की माला
हरिहर मिलन की परंपरा में दोनों देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय सामग्री अर्पित की गई। गोपाल मंदिर में बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला भेंट की गई, जबकि भगवान श्रीहरि विष्णु की ओर से बाबा महाकाल को तुलसी की माला पहनाई गई। सनातन परंपरा में यह अनुष्ठान शिव और विष्णु के अभेद स्वरूप तथा शैव-वैष्णव एकता का प्रतीक माना जाता है।
पूजन के बाद बाबा महाकाल की सवारी इसी मार्ग से वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। आयोजन में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित मंदिर के पुजारी-पुरोहित, महाकाल बैंड और सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए।
भस्म आरती में महाकाल ने धारण किया वैष्णव तिलक
हरिहर मिलन का विशेष स्वरूप सोमवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर की नियमित भस्म आरती में भी दिखाई दिया। इस दौरान बाबा महाकाल के साथ भगवान श्रीहरि विष्णु का विशेष पूजन और आरती की गई। बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। उनके मस्तक पर वैष्णव तिलक लगाया गया और गले में तुलसी की माला धारण कराई गई। भस्म रमाने के बाद बाबा महाकाल ने भक्तों को दर्शन दिए। शिव के मस्तक पर वैष्णव तिलक और गले में तुलसी की माला का यह स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा।
शैव और वैष्णव संप्रदायों की एकता का प्रतीक है हरिहर मिलन
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि में भगवान शिव सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के जागने के उपरांत भगवान शिव उन्हें सृष्टि का कार्यभार सौंपते हैं और स्वयं कैलाश लौट जाते हैं।

