Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsलकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई...

लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत, 6 से 8 हजार रुपये की कमाई*

भोपाल: शहडोल जिले के छोटे से गांव छतवई की दुर्गा सिंह के हाथों में जब लकड़ी का बेजान टुकड़ा आता है, तो वह सिर्फ कलाकृति नहीं बनता, बल्कि एक बेटी के आत्मनिर्भर बनने के सपने को आकार देता है। मनोविज्ञान से एमए करने के बाद भी जब आर्थिक तंगी ने सरकारी नौकरी का रास्ता मुश्किल कर दिया, तो दुर्गा ने हार मानने के बजाय अपने हुनर को ही अपनी ताकत बना लिया।

सिलाई-बुनाई और ब्यूटी पार्लर से शुरू हुआ सफर आज गोंडी चित्रकला और काष्ठ शिल्प तक पहुंच गया है, जहां वह हर महीने 6 से 8 हजार रुपये कमा कर न सिर्फ अपने परिवार का सहारा बनी हैं, बल्कि गांव की दर्जनों महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही हैं।  छोटे से गांव की दुर्गा अपनी मेहनत और कलात्मक प्रतिभा से महिला सशक्तिकरण की प्रेरक कहानी लिख रही हैं।

डिग्री के बाद चुनौतियां मिलीं, लेकिन हौसला नहीं टूटा

वर्ष 2019 में मनोविज्ञान से एमए करने के बाद दुर्गा ने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की। पिता मजदूरी करते हैं, मां गृहिणी हैं। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। सीमित आय में सपने पूरे करना आसान नहीं था, लेकिन दुर्गा ने हार मानने के बजाय अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प लिया।

उन्होंने पहले सिलाई-बुनाई सीखी, फिर ब्यूटी पार्लर का काम सीखा। लेकिन इनसे अपेक्षित आमदनी नहीं हुई। इसी तलाश में वह छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र पहुंचीं, जहां उनके जीवन को नई दिशा मिली।

चित्रकला से मिला हुनर को नया आयाम

केंद्र में दुर्गा ने पहले जनजातीय गोंडी चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। रंगों और पारंपरिक आकृतियों की दुनिया से जुड़ते ही उनकी प्रतिभा निखरने लगी। इसी दौरान उनकी रुचि काष्ठ शिल्प की ओर बढ़ी।

महज एक महीने के अभ्यास में ही उन्होंने प्रशिक्षकों को प्रभावित कर दिया। आज वह लकड़ी पर सुंदर आकृतियां उकेर रही हैं। गोंडी चित्रकला का ज्ञान उनके काष्ठ शिल्प को और आकर्षक बना रहा है। अब यही हुनर उनकी कमाई का जरिया बन गया है। वर्तमान में वह काष्ठ शिल्प से प्रतिमाह 6 से 8 हजार रुपये कमा रही हैं।

अपने हाथों से गढ़ना चाहती हैं भविष्य

दुर्गा का सपना काष्ठ शिल्प में मजबूत पहचान बनाना है। वह मानती हैं कि निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण से आमदनी और बढ़ेगी। सरकारी नौकरी की तैयारी उन्होंने नहीं छोड़ी है, लेकिन अब वह सिर्फ नौकरी का इंतजार नहीं कर रहीं।

यह भी पढ़ें: अब घर पहुंच रहा ट्रैफिक चालान: इंदौर पुलिस लोगों को दे रही ट्रैफिक साथी ऐप की जानकारी

एक दुर्गा नहीं, आत्मनिर्भरता की राह पर अनेक महिलाएं

दुर्गा की कहानी अकेली नहीं है। छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र में इस समय 12 महिलाएं काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि 17 पुरुष भी इस कला से जुड़े हैं। पारंपरिक कला ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर दे रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन