Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअब घर पहुंच रहा ट्रैफिक चालान: इंदौर पुलिस लोगों को दे रही...

अब घर पहुंच रहा ट्रैफिक चालान: इंदौर पुलिस लोगों को दे रही ट्रैफिक साथी ऐप की जानकारी

इंदौर: शहर में अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने कार्रवाई का नया तरीका अपनाया है। अब आम लोग इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा रहे हैं।

शिकायतों का ट्रैफिक पुलिस पहले सत्यापन करती है

ऐप पर मिलने वाली शिकायतों का ट्रैफिक पुलिस पहले सत्यापन करती है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती है। यानी अब सड़क पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आम नागरिकों की नजर भी बनी हुई है।

पुलिस संबंधित वाहन चालक के घर तक पहुंच रही

इस अभियान की खास बात यह है कि पुलिस अब चालान की जानकारी देने के लिए संबंधित वाहन चालक के घर तक पहुंच रही है। पुलिसकर्मी घर पहुंचकर वाहन मालिक को चालानी कार्रवाई के बारे में बताते हैं। इसके साथ ही उन्हें ट्रैफिक साथी ऐप की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे समझ सकें कि किस तरह आम नागरिक ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की शिकायत कर सकते हैं।

पुलिस इस दौरान वाहन चालकों को सिर्फ चालान की जानकारी ही नहीं दे रही, बल्कि उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दे रही है। लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर में यातायात अनुशासन को मजबूत करना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।

ट्रैफिक साथी ऐप में सिविलियन रिपोर्ट का फीचर जोड़ा गया

इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में सिविलियन रिपोर्ट का फीचर जोड़ा गया है। इसके जरिए आम लोग सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। पुलिस को इस फीचर के माध्यम से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी इन शिकायतों और उन पर होने वाली कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने भोपाल पहुंचे किसान: बोले- देश का पेट भरने वाला अन्नदाता गलियों में पड़ा है

इन उल्लंघनों की मिल रहीं शिकायतें

ऐप पर चलती गाड़ी में मोबाइल का इस्तेमाल, हेलमेट नहीं पहनना, फैंसी या गलत नंबर प्लेट, सीट बेल्ट नहीं लगाना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत पार्किंग जैसी शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस इन शिकायतों का सत्यापन करने के बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान बना रही है। चालानी कार्रवाई की सूचना संबंधित व्यक्ति को मैसेज या ई-मेल के जरिए भी दी जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन