सागर: मध्यप्रदेश के सागर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखा बंजारा झील के घाट देव दीपावली के रंग में रंगने जा रहे हैं। मंगलवार को यहां भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान झील के घाटों पर लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठेगा।
दीपों से आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी
कार्यक्रम के तहत चकराघाट से लेकर गणेशघाट तक दीपों से आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी। शाम 6 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ आयोजन की शुरुआत होगी। झील के किनारे दीपों की कतारें और उनकी रोशनी इस उत्सव को खास बनाएंगी।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि लोगों को शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के महत्व से भी जोड़ना है। कार्यक्रम के जरिए झील की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आयोजकों की कोशिश है कि देव दीपावली के इस आयोजन के माध्यम से शहरवासियों में अपनी ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने की भावना मजबूत हो। कार्तिक पूर्णिमा पर लाखा बंजारा झील के घाटों पर दीपों की रोशनी के साथ आस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
मंगलवार शाम सागर की लाखा बंजारा झील पर दीपों का यह उत्सव शहर के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
झील के घाटों पर सजावट की जा रही
देव दीपावली के आयोजन को लेकर झील के घाटों पर सजावट की जा रही है। यहां आकर्षक मार्किंग और लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। दीपों से बनी आकृतियों को विशेष तरीके से सजाया जाएगा। दीपों की रोशनी से झील और उसके घाट जगमगाएंगे।
गंगा आरती और आतिशबाजी होगी
कार्यक्रम में विशेष गंगा आरती और आतिशबाजी की जाएगी। इसके साथ ही बुंदेली संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। ढोल रमतूला, दुलदुल घोड़ी, बधाई, नौरता और बरेदी जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। लोक नृत्य भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगे।
ये भी पढ़ें: बैकुंठ चतुर्दशी पर उज्जैन के सिद्धवट में उमड़े श्रद्धालु: शिप्रा स्नान, दूध चढ़ाकर तर्पण पिंडदान
कार्यक्रम का उद्देश्य जनजागरूकता पैदा करना
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली के सांस्कृतिक आयोजन की सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता और शहर की ऐतिहासिक धरोहर लाखा बंजारा झील के संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आध्यात्मिक चेतना के साथ जनजागरूकता लाने का बड़ा माध्यम है।

