Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकॉलेज की चूक से अटकी बीडीएस सीट, हाईकोर्ट ने छात्रा को 25...

कॉलेज की चूक से अटकी बीडीएस सीट, हाईकोर्ट ने छात्रा को 25 नवंबर तक प्रवेश देने का दिया आदेश

ग्वालियर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने बीडीएस काउंसलिंग में कॉलेज और चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की लापरवाही के कारण दाखिले से वंचित हुई छात्रा को बड़ी राहत दी है। अदालत ने महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज और चिकित्सा शिक्षा संचालनालय को निर्देश दिया है कि याचिकाकर्ता स्नेही राठौर को 25 नवंबर तक बीडीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि जब अभ्यर्थी की कोई गलती नहीं है, तो उसे प्रशासनिक चूक की सजा नहीं दी जा सकती।

न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि अभ्यर्थी को उसकी गलती के बिना प्रवेश से वंचित रखना मौलिक अधिकारों का हनन है।

फीस जमा करने के बाद भी पोर्टल पर नहीं दिखा प्रवेश

नीट-2026 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली स्नेही राठौर को मॉप-अप राउंड में महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज में बीडीएस की सीट आवंटित हुई थी। छात्रा 12 अक्टूबर को कॉलेज पहुंची और अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराया। उसने दो लाख रुपये पंजीकरण शुल्क, 35 हजार रुपये की शेष फीस और हॉस्टल शुल्क भी जमा कर दिया था।

इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन की तकनीकी गलती के कारण आधिकारिक पोर्टल पर उसका प्रवेश पत्र तैयार नहीं हो सका। इस वजह से चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के पोर्टल पर सीट खाली दिखाई देती रही।

विभाग ने दूसरी छात्रा को आवंटित कर दी सीट

कॉलेज प्रबंधन ने 27 अक्टूबर को पत्र लिखकर चिकित्सा शिक्षा संचालनालय को अपनी तकनीकी गलती की जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद विभाग ने 16 नवंबर को आयोजित पांचवें स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड में वही सीट दूसरी छात्रा आस्था दुलानी को आवंटित कर दी।

हालांकि, विभाग ने आस्था दुलानी से शपथ-पत्र लिया था कि उनका प्रवेश हाईकोर्ट में लंबित याचिका के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा।

यह भी पढ़ें: एमपी में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 25 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, एक IPS समेत 24 राज्य पुलिस सेवा के अफसरों के तबादले

28 नवंबर है प्रवेश की अंतिम तारीख

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी ने अदालत में दलील दी कि छात्रा ने निर्धारित समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी थीं। ऐसे में कॉलेज और विभाग की लापरवाही का नुकसान उसे नहीं उठाना चाहिए।

पीठ ने दलीलों से सहमति जताते हुए कहा कि प्रवेश की अंतिम तारीख 28 नवंबर है। अदालत ने चिकित्सा शिक्षा संचालनालय और कॉलेज को 25 नवंबर तक स्नेही राठौर को हर हाल में प्रवेश देने का आदेश दिया।

वहीं, दूसरी छात्रा आस्था दुलानी के दाखिले को लेकर अदालत ने संबंधित विभाग को उसके समायोजन या प्रवेश निरस्त करने के संबंध में उचित निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन