गाडरवारा से गोटेगांव भेजे गए IPS शुभम सिंह ठाकुर, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बदले SDOP और ACP
भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने एक आईपीएस अधिकारी समेत राज्य पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों के तबादले करते हुए कुल 25 अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, अधिकारियों को उनकी मौजूदा पदस्थापना से हटाकर अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ किया गया है। नई व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
इस फेरबदल में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सतना और रीवा समेत कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कुछ अधिकारियों को यातायात और महिला सुरक्षा शाखा से हटाकर एसडीओपी और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ को पुलिस मुख्यालय और विशेष पुलिस इकाइयों में भेजा गया है।
IPS शुभम सिंह ठाकुर को गोटेगांव की जिम्मेदारी
आदेश के तहत आईपीएस अधिकारी शुभम सिंह ठाकुर को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा एसडीओपी पद से हटाकर गोटेगांव एसडीओपी बनाया गया है। यातायात शाखा में भी बदलाव किया गया है। संतोष मिश्रा को नर्मदापुरम से सतना और संतोष कुमार शुक्ला को जबलपुर से नर्मदापुरम में यातायात उप पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है।
पुरुषोत्तम मरावी को डिंडोरी से मंडला जिले के निवास एसडीओपी और आशीष जैन को जबलपुर से पन्ना जिले के अजयगढ़ एसडीओपी की जिम्मेदारी दी गई है।
भोपाल-इंदौर में भी बदले अधिकारियों के पद
राजधानी भोपाल और इंदौर में भी कई अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है। नीलम कनौज को नगरीय इंदौर में डेटा विश्लेषण के सहायक पुलिस आयुक्त पद से हटाकर देवास में उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) बनाया गया है। अपूर्वा किलेदार को महिला सुरक्षा शाखा से हटाकर सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली नगरीय इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है।
सुजीत तिवारी को भोपाल साइबर शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त पद से इंदौर में न्यायालयीन-2 का सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। नवीन तिवारी को पुलिस मुख्यालय भोपाल से जहांगीराबाद नगरीय भोपाल में सहायक पुलिस आयुक्त पदस्थ किया गया है। शिवाली तिवारी को शहडोल से पुलिस मुख्यालय भोपाल और प्रतिभा शर्मा को पुलिस मुख्यालय से नगर पुलिस अधीक्षक विदिशा भेजा गया है।
उज्जैन संभाग में भी नई पदस्थापनाएं
उज्जैन संभाग में दिनेश प्रजापति को मंदसौर के सीतामऊ से उज्जैन जिले के महिदपुर एसडीओपी की जिम्मेदारी दी गई है। विवेक कनौडिया को उज्जैन में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से तराना एसडीओपी और कमल निगवाल को मंदसौर की महिला सुरक्षा शाखा से नगर पुलिस अधीक्षक नागदा बनाया गया है।
इसके अलावा अश्विनी कुमार को हरदा के खिरकिया से खंडवा के हरसूद, विक्रम रजक को एसटीएफ जबलपुर से पिपरिया, सौरभ त्रिपाठी को दमोह से छतरपुर के बिजावर और अजय तिवारी को मंडला के शाहपुर से नरसिंहपुर के गाडरवारा एसडीओपी पदस्थ किया गया है।
ये भी पढ़ें: 60 की उम्र में रिटायर्ड IRS अधिकारी का साइकिल से सफर: रोज 100 KM चलकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक पहुंचने का लक्ष्य
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
अन्य प्रमुख पदस्थापनाओं में सुनील कुमार वरकड़े को अजाक छिंदवाड़ा से एसडीओपी डभौरा (रीवा), प्रिया सिंह को 34वीं वाहिनी विसबल धार से एसडीओपी त्योंथर (रीवा) और पूनम थापा को दूसरी वाहिनी विसबल ग्वालियर से उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय भिंड भेजा गया है।
अजय कुमार रिठौरिया को बिजावर, छतरपुर से उप पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। राजीव सिंह भदौरिया को पुलिस मुख्यालय भोपाल से कार्यवाहक सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी विसबल इंदौर और नारायण सिंह कुमरे को एसडीओपी डभौरा से सहायक सेनानी, 36वीं वाहिनी विसबल बालाघाट पदस्थ किया गया है। वहीं, ओमप्रकाश आर्य को अजाक श्योपुर से एसडीओपी राघोगढ़, गुना की जिम्मेदारी दी गई है।

