सागर: जिले में अब शराब खरीदने दुकानों पर पहुंच रहे लोगों का पहले मेडिकल चेकअप किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर ही लोगों के ब्लड सैंपल ले रही हैं। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाइयां और मल्टीविटामिन भी दिए जा रहे हैं। डॉक्टर लोगों को खाली पेट शराब नहीं पीने और खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। शराब दुकानों पर इस तरह की स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रशासन ने संदिग्ध मौतों के बाद यह व्यवस्था शुरू की
जिला प्रशासन ने शराब से जुड़ी संदिग्ध मौतों के बाद यह व्यवस्था शुरू की है। बंडा में जहरीली शराब से 37 लोगों की मौत और जिले के दूसरे इलाकों में शराब से हुई संदिग्ध मौतों के बाद यह कदम उठाया गया।
प्रशासन ने शराब ठेकेदारों को दुकानों पर आने वाले आदतन शराब पीने वालों की पहचान करने के निर्देश दिए थे। उनके नाम-पते लेकर आबकारी विभाग को जानकारी देने को कहा गया था। इसके बाद अब तक 300 लोगों की सूची तैयार की गई है। ऐसे लोगों की पहचान का काम अभी जारी है।
आदतन शराब पीने वालों का चेकअप किया गया
रविवार और सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें सागर, बंडा, देवरी, खुरई और बीना समेत दूसरे इलाकों की शराब दुकानों पर पहुंचीं। यहां आदतन शराब पीने वालों का चेकअप किया गया।
दो दिन में 144 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के करीब 10 दिन बाद मेडिकल टीमें दोबारा इन लोगों की जांच करेंगी। किसी की रिपोर्ट में गंभीर बीमारी सामने आने पर उसका इलाज शुरू किया जाएगा।
साथ ही उसके परिवार की काउंसलिंग भी की जाएगी। मेडिकल टीमें चिह्नित लोगों के घर जाकर भी जांच कर रही हैं और परिवार को शराब के नुकसान बता रही हैं।
ये भी पढे़ं: दक्षिण कोरिया ने आसमान में उतारे फाइटर जेट, एयर डिफेंस जोन में घुसे रूस के कई सैन्य विमान, क्षेत्र में बढ़ी हलचल
लाइसेंसी दुकान से ही शराब खरीदने की सलाह
मेडिकल टीम के साथ आबकारी विभाग की टीम भी तैनात है। यह टीम लोगों को केवल लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदने की सलाह दे रही है। उन्हें किराना दुकानों या दूसरी जगहों पर बिकने वाली शराब नहीं खरीदने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि आदतन शराब पीने वालों की पहचान कर उनका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
लोगों को शराब के नुकसान बताने के साथ बेहतर खानपान रखने और लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीदने की सलाह दी जा रही है।

