पन्ना: पन्ना में लोकायुक्त ने रिश्वतखोरी के मामले में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त सागर की टीम ने उन्हें शासकीय आवास पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। कार्रवाई के दौरान उनकी पत्नी ने लोकायुक्त टीम को देखते ही रिश्वत की रकम बंगले के बाहर फेंक दी। इस मामले में पत्नी को भी सह आरोपी बनाया गया है। पन्ना में एक महीने के भीतर लोकायुक्त की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
सब्सिडी दिलाने के नाम पर मांगे थे दो लाख रुपये
मामले के शिकायतकर्ता पवई निवासी भगवत साहू और उनकी पत्नी गेंदाबाई ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग से आटा चक्की लगाने के लिए ऋण लिया था। गेंदाबाई ने 6 लाख 80 हजार रुपये और भगवत साहू ने 5 लाख 80 हजार रुपये का ऋण लिया था। योजना के तहत गेंदाबाई को 2 लाख 30 हजार और भगवत साहू को 2 लाख 20 हजार रुपये की सब्सिडी मिलनी थी।
आरोप है कि विभाग की ओर से बैंक को सब्सिडी जारी नहीं करने संबंधी पत्र भेज दिया गया था। जब दंपती बैंक पहुंचे तो उन्हें सब्सिडी की राशि नहीं मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव से संपर्क किया।
किस्तों में रिश्वत देने की दी सलाह
आरोप के मुताबिक, प्रदीप श्रीवास्तव ने दोनों की सब्सिडी जारी कराने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके अलावा उद्यानिकी विभाग के पवई ब्लॉक अधिकारी ने भी 60 हजार रुपये की मांग की थी।
एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जताने पर सहायक संचालक ने रिश्वत की राशि किस्तों में देने की बात कही। शिकायतकर्ता भगवत साहू ने पहले ही दो किस्तों में 20-20 हजार रुपये दे दिए थे। इसके बाद उसने लोकायुक्त सागर से मामले की शिकायत की।
यह भी पढ़ें: सागर शराबकांड के बाद दुकानों पर लिवर-किडनी जांच: शराब पीने वालों को दी जा रही सेहत की सलाह
लोकायुक्त की दबिश पड़ते ही पत्नी ने फेंके नोट
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त ने अगली किस्त लेते समय कार्रवाई की योजना बनाई। भगवत साहू जब शाम को 50 हजार रुपये की अगली किस्त देने सहायक संचालक के शासकीय आवास पहुंचा तो वहां प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी मौजूद थीं।
जैसे ही भगवत साहू ने रिश्वत की रकम दी, लोकायुक्त की टीम ने दबिश दे दी। टीम को देखते ही अधिकारी की पत्नी ने 50 हजार रुपये बंगले के बाहर फेंक दिए। लोकायुक्त ने रकम बरामद कर प्रदीप श्रीवास्तव को पकड़ लिया। वहीं, रिश्वत की रकम फेंकने के आरोप में उनकी पत्नी को भी मामले में सह आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त निरीक्षक रोशनी जैन के मुताबिक, शिकायत का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की गई। सहायक संचालक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उनकी पत्नी ने रकम बंगले के बाहर फेंक दी थी, इसलिए उन्हें भी आरोपी बनाया गया है।

