Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरूस अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी में?: खुफिया रिपोर्ट...

रूस अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी में?: खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप, नाटो ने जताई चिंता

बर्लिन: रूस की अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की कथित योजना ने नाटो देशों की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिमी खुफिया एजेंसियों के आकलन के मुताबिक, मॉस्को इस साल के अंत से पहले परमाणु विस्फोटक से लैस एक उपग्रह अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है। जर्मनी के अखबार ‘सुडड्यूश जिटुंग’ और सार्वजनिक प्रसारक एनडीआर तथा डब्ल्यूडीआर की संयुक्त जांच में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी खुफिया एजेंसियों और रक्षा अधिकारियों ने भी इस आकलन का समर्थन किया है।

नाटो देशों के साथ साझा की गई जानकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस की संभावित योजना से जुड़ी खुफिया जानकारी हाल ही में कई नाटो देशों के साथ साझा की गई है। जर्मनी की संघीय खुफिया सेवा (बीएनडी) और जर्मन सशस्त्र बलों (बुंडेसवेहर) के अधिकारियों ने भी इस संबंध में आकलन किया है। बताया गया है कि बुंडेसवेहर के विशेषज्ञों ने हाल के हफ्तों में वरिष्ठ जर्मन नेताओं को रूस की संभावित गतिविधियों की जानकारी दी है। इनमें रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस भी शामिल हैं।

जर्मनी के संघीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में गोपनीयता का हवाला देते हुए कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की। हालांकि, उन्होंने कहा कि मंत्रालय अंतरिक्ष में वैश्विक घटनाक्रम और दूसरे देशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।

मेदवेदेव के बयान ने बढ़ाई चिंता

इस बीच रूस की सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस के मुताबिक, रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और नाटो के कदमों ने ऐसी परिस्थितियां पैदा कर दी हैं, जिनमें रूस परमाणु हमले के विकल्प पर विचार कर सकता है।

मेदवेदेव ने ‘मॉस्को जर्नल ऑफ इंटरनेशनल लॉ’ में प्रकाशित एक लेख में कहा कि रूस किसी भी जवाबी कार्रवाई से पहले यह आकलन करता है कि परमाणु प्रतिक्रिया हुए नुकसान के अनुपात में है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि रूस के खिलाफ खड़े देशों की गतिविधियों से ऐसी परिस्थितियां बनी हैं, जिनमें परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना पर विचार किया जा सकता है।

हालांकि, उन्होंने निर्णय लेने की प्रक्रिया में संयम बरतने की बात भी कही। उनके मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति किसी भी कदम से पहले सभी परिस्थितियों और वास्तविक नुकसान के मुकाबले संभावित जवाबी कार्रवाई के संतुलन का व्यापक आकलन करते हैं।

यह भी पढ़ें: पन्ना में रिश्वत लेते उद्यानिकी विभाग के अधिकारी गिरफ्तार, पत्नी ने लोकायुक्त को देख बंगले से बाहर फेंके 50 हजार रुपये

मर्ज और रुटे ने जताई चिंता

रूस की कथित योजना को लेकर जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और नाटो महासचिव मार्क रुटे ने भी चिंता जताई है। सोमवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मर्ज ने कहा कि रूस की ओर से अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की खबरें नई नहीं हैं, लेकिन बेहद चौंकाने वाली हैं। इससे पता चलता है कि रूस हालात को और गंभीर बनाने के लिए किस हद तक जा सकता है।

वहीं, नाटो प्रमुख मार्क रुटे ने कहा कि गठबंधन जमीन, समुद्र, हवा और अंतरिक्ष में अपनी रक्षा क्षमताओं और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार आकलन कर रहा है। जरूरत के मुताबिक इनमें बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाटो की सुरक्षा व्यवस्था में यूरोप के साथ अमेरिका और कनाडा भी शामिल हैं। आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए भी गठबंधन मिलकर काम कर रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन