भोपाल:उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि फार्मेसी केवल मुनाफे का व्यवसाय नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही दवाओं के उचित उपयोग के प्रति समाज को जागरूक करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी व्यक्तियों को सामूहिक उत्तरदायित्व के भाव से कार्य करना होगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह–2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’ विषय पर किया गया।
आयुष्मान भारत योजना ने गुणवत्तापूर्ण उपचार की राह आसान की
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी आधुनिक और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो। इसके साथ ही प्रदेश के लोगों को नजदीकी अस्पतालों में बेहतर जांच, दवाइयां और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल पर रोक और जागरूकता जरूरी
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की बढ़ती चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक का सेवन तथा आवश्यकता से अधिक या गलत तरीके से इनका उपयोग रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का कारण बनता है। इससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी जटिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वस्थ भारत का निर्माण आवश्यक है। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं आमजन में व्यापक जागरूकता आवश्यक है।
बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रिस्क्रिप्शन दवाएं नहीं देने का संकल्प लें फार्मासिस्ट
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने फार्मासिस्टों से बिना डॉक्टर की पर्ची के एंटीबायोटिक दवाएं नहीं बेचने की अपील की है।उन्होंने कहा कि दवा बिक्री में व्यावसायिक फायदे से ज्यादा मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही लोगों को दवाओं की सही खुराक और निर्धारित अवधि के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को रोकने में मददगार होगा।
फार्मेसी काउंसिल के नए भवन को जल्द मिलेगी मंजूरी
काउंसिल में फार्मेसी विद्यार्थियों और फार्मासिस्टों के पंजीयन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने काउंसिल के नए भवन निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वे मरीजों को सही दवा, उसकी उचित खुराक और सेवन की अवधि की जानकारी देकर उपचार को प्रभावी बनाने में योगदान देते हैं। उन्होंने फार्मासिस्टों से सेवा और नैतिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित फार्मेसी काउंसिल के पदाधिकारी, विद्यार्थी और फार्मासिस्ट मौजूद रहे।

