सिरोंज: विदिशा जिले की सिरोंज तहसील को अलग जिला बनाए जाने की मांग को लेकर ‘सिरोंज जिला बनाओ अभियान समिति’ ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार दौजीराम अहिरवार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समिति के महामंत्री एडवोकेट कपिल त्यागी ने ज्ञापन का वाचन किया, जबकि समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर मांग का समर्थन किया।
विदिशा से सिरोंज की दूरी अधिक होने से होती है परेशानी
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि सिरोंज और लटेरी क्षेत्रों से जिला मुख्यालय विदिशा की दूरी लगभग 85 से 150 किलोमीटर तक है। दूरी अधिक होने के कारण आमजन, विशेषकर समाज के निचले तबके और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय जाने में समय, धन और परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बार लोग न्याय व अपनी मांगों को लेकर मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख बिंदु
मध्य प्रदेश के गठन (1 नवंबर 1956) से पहले अक्टूबर 1949 तक सिरोंज राजस्थान में जिले के रूप में रहा था, लेकिन गठन के समय इसे विदिशा जिले की तहसील बना दिया गया। तब से लेकर आज तक जनता, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला बनाने की मांग, आंदोलन और अनशन किए जाते रहे हैं, लेकिन अब तक अनदेखी होती रही है।
वर्ष 2012-13 में राजस्व विभाग के पत्र के क्रम में विदिशा कलेक्टर ने 1 जून 2013 को सिरोंज, लटेरी, कुरवाई और पथारी तहसीलों (तथा कुरवाई व सिरोंज विधानसभा क्षेत्रों) को शामिल कर जिला बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 16 अगस्त 2014 को आगर के साथ सिरोंज को भी जिला बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन केवल आगर की घोषणा हुई।
परिसीमन और भौगोलिक सुझाव
वर्तमान में पिछोर सहित अन्य संभावित जिलों को लेकर चर्चाओं और परिसीमन आयोग के प्रस्तावों का हवाला देते हुए समिति ने मांग की है कि सिरोंज को भी प्राथमिकता से जिला बनाया जाए। सुझाव के तौर पर सिरोंज के आसपास 60-65 किमी के दायरे में लटेरी, संपूर्ण शमशाबाद तथा कुरवाई तहसील के हिस्सों (पथारी व मंडी बामौरा को छोड़कर) को शामिल करने की बात कही गई है, साथ ही पथरिया (उप-तहसील) और आनंदपुर को तहसील का दर्जा देने का जिक्र किया गया है।
ज्ञापन के साथ वर्ष 2013-14 में सिरोंज जिला बनाने से संबंधित तैयार प्रस्ताव की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। समिति ने शासन और परिसीमन आयोग से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर सिरोंज को जिला घोषित करने की मांग की है।

