Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपंजाब में फिर साथ आए अकाली दल-BJP, 2027 चुनाव के लिए गठबंधन...

पंजाब में फिर साथ आए अकाली दल-BJP, 2027 चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान; शाह बोले- NDA अब पूरा हुआ

नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में दोनों दलों के गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इसके साथ ही अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई है। गठबंधन की घोषणा के दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।

अमित शाह ने इस गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताते हुए कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब के विकास और राज्य की चुनौतियों से निपटने के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि एनडीए बादल साहब की पार्टी के साथ ही पूरा होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर सिंह बादल से बातचीत कर गठबंधन को लेकर अपनी भावना जाहिर की है।

नशा, भ्रष्टाचार और राष्ट्रवादी ताकतें होंगे प्रमुख मुद्दे

अमित शाह ने गठबंधन की प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त करना सबसे बड़ा लक्ष्य होगा। उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा भ्रष्टाचार खत्म करना और राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

शाह ने कहा कि अकाली दल के साथ बीजेपी का रिश्ता काफी पुराना है। दोनों दलों ने लंबे समय तक साथ चुनाव लड़े और सरकार चलाई है। जीत और हार के बावजूद दोनों पार्टियों के बीच संबंध बने रहे। अब यह साझेदारी फिर से शुरू हो रही है। चुनाव की तैयारी के साथ पंजाब के लिए साझा घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।

सीटों के बंटवारे पर बाद में होगी चर्चा

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अकाली दल के साथ गठबंधन को स्वाभाविक बताया। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे पर आगे चर्चा होगी, लेकिन दोनों दलों ने साथ आकर पंजाब की सेवा करने का संदेश दिया है।

नबीन के मुताबिक, गठबंधन का लक्ष्य नशामुक्त पंजाब बनाना, युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विकास आधारित सरकार देना है।

वहीं सुखबीर सिंह बादल ने इसे केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी अकाली दल और बीजेपी के संबंधों को ऐसा रिश्ता मानते थे, जिसे अलग नहीं किया जा सकता। यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हितों से जुड़ा है।

तीन कृषि कानूनों पर टूटा था 25 साल पुराना साथ

बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक एनडीए के सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों ने पंजाब में करीब दस साल तक गठबंधन सरकार चलाई। हालांकि, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अकाली दल ने किसानों के हितों का हवाला देते हुए गठबंधन छोड़ने का फैसला किया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे।

इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई, जबकि अकाली दल और बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आई हैं।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी का दावा- राजीव की सुरक्षा हटाने के पीछे थी साजिश, राहुल ने भी उठाए सवाल

चुनावी तैयारियों में पहले से जुटी थी बीजेपी

गठबंधन के ऐलान से पहले ही पंजाब बीजेपी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी थीं। पार्टी ने 23 नवंबर को 16 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति गठित करने की घोषणा की थी। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को इसका प्रमुख बनाया गया है।

समिति में मनप्रीत बादल, तरुण चुघ, अश्विनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक सहित कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। वहीं डॉ. सतीश पूनिया, वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन