Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsनाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, यौन मंशा साबित होने पर...

नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, यौन मंशा साबित होने पर POCSO के तहत अपराध: हाईकोर्ट

इंदौर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि यौन मंशा से नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना भी पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला माना जाएगा। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मामले में आरोपी की यौन मंशा साबित होती है, तो नाबालिग से इस तरह का शारीरिक संपर्क पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के दायरे में आएगा। इस मामले में कोर्ट ने आरोपी की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा है। साथ ही आरोपी की अपील खारिज कर दी।

यौन अपराधों की मंशा को लेकर अहम फैसला

जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच ने यह टिप्पणी उस अपील पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें आरोपी ने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत दी गई सजा को चुनौती दी थी। कोर्ट ने कहा कि मामले में साबित परिस्थितियों के अनुसार नाबालिग का हाथ यौन मंशा से पकड़ना यौन हमला है।

अपील पर 28 अक्टूबर 2026 को आखिरी सुनवाई थी। कोर्ट ने 16 नंवबर को ऑर्डर जारी किया।

अभियोजन के मुताबिक- 23 सितंबर 2020 को पीड़िता के घर में आरोपी यूसुफ मिस्त्री का काम करता था। घटना के दौरान लड़की के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर नहीं थे। इसी दौरान आरोपी ने नाबालिग का हाथ यौन मंशा से पकड़ लिया।

लड़की के विरोध के बावजूद उसने हाथ नहीं छोड़ा। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में गई और दरवाजा बंद कर लिया। आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को घटना बताई, जिसके बाद रावजी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

 पीड़िता की गवाही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त

हाई कोर्ट ने सुनवाई में पाया कि पीड़िता की उम्र आधिकारिक दस्तावेजों से साबित थी और उसकी गवाही महत्वपूर्ण तथ्यों पर लगातार एक जैसी रही। कोर्ट ने कहा कि पुलिस बयान और अदालत में दिए बयान के बीच मामूली अंतर या मां और बच्ची के बयान में छोटे अंतर स्वाभाविक हैं और इससे अभियोजन के मूल मामले पर असर नहीं पड़ता।

बेंच ने यह भी कहा कि यौन अपराध के मामले में पीड़िता की विश्वसनीय गवाही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त हो सकती है और हर मामले में स्वतंत्र पुष्टि जरूरी नहीं है।

ये भी पढ़ें: सिरोंज को जिला बनाने की मांग तेज: मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं

आरोपी की ओर से दलील दी गई थी कि केवल हाथ पकड़ने के आरोप के आधार पर ट्रायल कोर्ट ने गलत निष्कर्ष निकाला और दोषसिद्धि कानून व तथ्यों के अनुरूप नहीं है।

हालांकि, हाई कोर्ट ने मामले की परिस्थितियों और साक्ष्यों को देखते हुए अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया। कोर्ट ने विशेष न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखते हुए अपील खारिज कर दी।

यह फैसला पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के उस प्रावधान के संदर्भ में है, जिसमें यौन मंशा से शारीरिक संपर्क के जरिए किए गए ऐसे कृत्यों को यौन हमला माना जाता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन