Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगन्ने के दाम पर आर-पार की लड़ाई, 600 रुपये भाव और 50...

गन्ने के दाम पर आर-पार की लड़ाई, 600 रुपये भाव और 50 रुपये बोनस पर अड़े किसान

भोपाल: गन्ने का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर नरसिंहपुर के किसानों ने भोपाल में आंदोलन तेज कर दिया है। किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य और 50 रुपये बोनस देने की मांग पर अड़े हैं। होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर किसानों का धरना जारी है। सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे बिताने के बाद मंगलवार को पांच सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की। अब किसानों की निगाहें बुधवार को होने वाली मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बातचीत पर टिकी हैं। इस चर्चा के बाद ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय होगी।

सरकार के फैसले का इंतजार, मांगें नहीं मानीं तो जारी रहेगा आंदोलन

कृषि सचिव से मुलाकात के बाद किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के बीच गन्ने के मूल्य और बोनस को लेकर चर्चा प्रस्तावित है। किसान इस बातचीत के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रखा जाएगा।

किसान नेताओं ने मिल मालिकों पर मनमाने तरीके से गन्ने का मूल्य तय करने का आरोप लगाया है। राष्ट्रवादी किसान आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष प्रतीक शर्मा ने कहा कि किसान सरकार से बातचीत और समस्या का समाधान चाहते हैं। उनका उद्देश्य विवाद या अशांति फैलाना नहीं है। अब तक सरकार की ओर से ऐसा कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, जिसके आधार पर आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया जा सके।

400 रुपये लागत, मिलें दे रहीं 450 रुपये

किसानों के मुताबिक, गन्ने की खेती में प्रति क्विंटल करीब 400 रुपये लागत आती है, जबकि मिलों की ओर से लगभग 450 रुपये का भाव दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि इस कीमत में खेती की लागत और मेहनत का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। इसलिए वे 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य के साथ 50 रुपये बोनस की मांग कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सरकार ने बोनस देने की बात कही थी, लेकिन अब तक इसका भुगतान नहीं हुआ है।

होशंगाबाद से भी पहुंच रहे किसान, 150 पुलिसकर्मी तैनात

प्रदर्शन में किसानों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। किसान नेताओं का कहना है कि होशंगाबाद से भी किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंच रहे हैं। पहले प्रदर्शन स्थल पर करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन मंगलवार को सुरक्षा के लिए लगभग 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

सर्विस रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित न हो।

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का वनडे में तूफानी दोहरा शतक: 53 गेंदों में 204 रन, 28 छक्के

खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे किसान

वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर डटे किसानों ने सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे बिताई। किसान नेता राकेश धाकड़ के अनुसार, प्रदर्शनकारी अपने खाने-पीने की व्यवस्था खुद कर रहे हैं। दूसरी ओर, पुलिस ने अधिकारियों के बैठने और निगरानी के लिए टेंट लगाया है। फिलहाल किसान सड़क किनारे धरने पर बैठे हैं और सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन