नई दिल्ली: वंदे भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खानपान की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब यात्रियों को खाने में पहले की तरह कई तरह के विकल्प नहीं मिलेंगे। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के फूड मेन्यू को छोटा करने का फैसला लिया है। इसके तहत पहले जहां यात्रियों को करीब 10 अलग-अलग आइटम परोसे जाते थे, वहीं अब मेन्यू में केवल 4 प्रमुख विकल्पों पर फोकस किया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य खाने की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई को बेहतर बनाना है।
तीन रूटों पर शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
IRCTC ने नई खानपान व्यवस्था को फिलहाल 1 नवंबर से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया है। इसका परीक्षण तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूटों पर किया जा रहा है। इनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी रूट शामिल हैं।
इस व्यवस्था के तहत खाना तैयार करने और उसकी सप्लाई की जिम्मेदारी बड़े क्लाउड किचन और हॉस्पिटैलिटी ग्रुप को दी गई है। इसका मकसद सीमित मेन्यू के जरिए खाने की तैयारी और गुणवत्ता पर बेहतर नियंत्रण रखना है। IRCTC यात्रियों के फीडबैक के आधार पर इस व्यवस्था की समीक्षा भी कर रहा है।
नाश्ते में इडली, वड़ा, पोहा और उपमा का विकल्प
नई व्यवस्था में नाश्ते के विकल्पों को भी सीमित किया गया है। मुंबई-बेंगलुरु रूट के मेन्यू के मुताबिक यात्रियों को इडली-वड़ा (सांभर और चटनी के साथ), पोहा या उपमा में से विकल्प दिया जाएगा।
पहले नाश्ते में ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच और सूप जैसे कई आइटम भी उपलब्ध होते थे। लेकिन नए मेन्यू से इन्हें हटा दिया गया है। इसके अलावा छाछ और चॉकलेट जैसे अतिरिक्त आइटम भी अब पहले की तरह शामिल नहीं होंगे।
लंच और डिनर में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य व्यंजन दिया जाएगा। मुख्य व्यंजन में यात्रियों को वेज या नॉन-वेज विकल्प मिल सकता है। वहीं सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे अतिरिक्त आइटम भी कम किए गए हैं।
750 ग्राम से घटकर 500 ग्राम हुआ खाने का वजन
मेन्यू में कटौती का असर खाने की कुल मात्रा के वजन पर भी पड़ा है। पहले एक मील का कुल वजन करीब 700 से 750 ग्राम तक होता था। नई व्यवस्था में यह घटकर लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है।
हालांकि IRCTC के अधिकारियों का कहना है कि किसी एक व्यंजन की व्यक्तिगत मात्रा में कटौती नहीं की गई है। खाने का कुल वजन इसलिए कम हुआ है क्योंकि थाली में परोसे जाने वाले आइटम की संख्या घटाई गई है। यानी अब यात्रियों को कम तरह के व्यंजन मिलेंगे, लेकिन मुख्य खाने की मात्रा को बनाए रखने पर ध्यान दिया जा रहा है।
खाने की शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
ट्रेनों में खानपान को लेकर पिछले कुछ वर्षों में कई शिकायतें सामने आई हैं। यात्रियों ने ठंडा और बासी खाना मिलने के साथ-साथ खाने में कीड़े और कॉकरोच मिलने जैसी समस्याएं भी उठाई थीं। इसके अलावा सीमित समय और जगह में बड़ी संख्या में अलग-अलग व्यंजन तैयार करना भी चुनौतीपूर्ण था।
IRCTC का मानना है कि मेन्यू छोटा होने से खाना तैयार करने, पैकिंग और सप्लाई की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा। IRCTC के पश्चिमी जोन के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा के मुताबिक, क्लाउड किचन से सप्लाई शुरू होने के बाद खाने से जुड़ी शिकायतों में करीब 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: गन्ने के दाम पर आर-पार की लड़ाई, 600 रुपये भाव और 50 रुपये बोनस पर अड़े किसान
सफल रहा प्रयोग तो दूसरी ट्रेनों में भी लागू होगी व्यवस्था
फिलहाल यह बदलाव प्रयोग के तौर पर तीन वंदे भारत स्लीपर रूटों पर लागू किया गया है। IRCTC यात्रियों की प्रतिक्रिया और खाने की गुणवत्ता से जुड़े परिणामों पर नजर रख रहा है। अगर यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।
ऐसे में वंदे भारत के यात्रियों को अब खाने के ज्यादा विकल्पों के बजाय सीमित लेकिन बेहतर गुणवत्ता वाले भोजन परोसे जाने की उम्मीद है। हालांकि यात्रियों के लिए यह बदलाव कितना सुविधाजनक साबित होगा, इसका फैसला आने वाले दिनों में मिलने वाले फीडबैक से ही स्पष्ट होगा।

