Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरामपायली में कलेक्टर का निरीक्षण, कार्तिक पूर्णिमा मेले में सुरक्षा-स्वच्छता और खाद्य...

रामपायली में कलेक्टर का निरीक्षण, कार्तिक पूर्णिमा मेले में सुरक्षा-स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता पर दिया जोर

बालाघाट: धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी रामपायली में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय मेले की व्यवस्थाओं और संस्कृति विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेने कलेक्टर आदित्य सिंह ने मंगलवार 24 नवंबर को रामपायली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र, यात्री प्रतीक्षालय, चंदन नदी के स्नान घाट, प्रसिद्ध बालाजी मंदिर तथा निर्माणाधीन म्यूजियम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत वारासिवनी की सीईओ ममता कुलस्ते एवं एसडीएम श्रीश प्यासी उपस्थित रहे।

17.14 करोड़ के कार्यों का लिया जायजा

रामपायली में संस्कृति विभाग द्वारा केशव बलिराम हेडगेवार म्यूजियम एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 17 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत घाट, यात्री निवास, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मुक्तिधाम एवं पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं गार्डन, दशहरा मैदान एवं म्यूजियम का कार्य प्रगति पर है।

कलेक्टर सिंह ने निर्माणाधीन म्यूजियम का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने इंजीनियर एवं ठेकेदारों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से जनवरी माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

कलेक्टर ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जनपद सीईओ ममता कुलस्ते को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

उन्होंने चंदन नदी पर बने स्नान घाट का भी निरीक्षण किया और वहां सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश

हाल ही में किरनापुर तहसील के ग्राम हिर्री में मंडई मेले के दौरान खान-पान की सामग्री से बच्चों के बीमार होने की घटना को देखते हुए कलेक्टर सिंह ने रामपायली मेले में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले में लगने वाले सभी खान-पान के स्टालों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और श्रद्धालुओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो। किसी भी दुकान पर एक्सपायरी डेट अथवा अमानक स्तर की खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान खाद्य सामग्री के स्टालों एवं दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएं। साथ ही खान-पान के स्टाल लगाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी का रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें: बालाघाट में पर्यटन को नई उड़ान, गांवों में होम स्टे से लेकर वाटर स्पोर्ट्स तक की तैयारी

बालाजी मंदिर में किए दर्शन, 400 साल पुरानी प्रतिमा का जाना इतिहास

रामपायली प्रवास के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह ने प्रसिद्ध बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बालाजी के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के पुजारी से मंदिर में स्थापित लगभग 400 वर्ष पुरानी बालाजी की प्रतिमा के इतिहास एवं धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास स्थित पुराने खंडहरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम श्रीश प्यासी को मंदिर के आसपास स्थित खंडहरों को व्यवस्थित करने तथा परिसर के सौंदर्यीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि रामपायली आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर धार्मिक एवं पर्यटन स्थल का अनुभव मिल सके।

कलेक्टर सिंह के इस निरीक्षण का उद्देश्य रामपायली में धार्मिक पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन