पीसी शर्मा पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग, कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित करने के मामले में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भोपाल के साइबर क्राइम थाने में कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ शिकायत कर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में लिखा है कि पीसी शर्मा द्वारा अपने सोशल मीडिया आईडी फेसबुक से प्रसारित किए गए कूटरचित वीडियो से भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में कांग्रेस से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मूल वीडियो भी संलग्न किया गया है, जिसका दुरुपयोग कर कूटरचित वीडियो तैयार किया गया है।
गलत अर्थ निकालकर भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा द्वारा की गई शिकायत में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन के वीडियो को कूटरचित कर उसमें ऐसे वक्तव्य जोड़कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे उनके वक्तव्य का गलत अर्थ निकले और जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो।
शिकायत में कहा गया है कि भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है तथा उसके अध्यक्ष द्वारा कही गई कोई भी बात या टिप्पणी देश की आम जनता गंभीरता से लेती है और यह माना जाता है कि उक्त कथन पूर्ण रूप से सत्य और विश्वास करने योग्य है। कांग्रेस नेता ने दुष्प्रचार करने के उद्देश्य से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित किया, ताकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ताओं की छवि आम जनता में धूमिल कर जनता के मन में सरकार के प्रति अविश्वास की भावना उत्पन्न की जा सके। कांग्रेस के इस कृत्य से आम जनता के भ्रमित होने के साथ लोगों की भावनाएं आहत होने से अशांति फैल सकती है।
यह भी पढ़ें: हूती हमले की भारत ने की कड़ी निंदा, सऊदी में 26 लाख भारतीयों की सुरक्षा पर चिंता
इन धाराओं में कार्रवाई की मांग
शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस नेता द्वारा सोशल मीडिया पर कूटरचित वीडियो प्रसारित करना आईटी एक्ट की धारा 66डी, 66सी एवं 67/67ए तथा बीएनएस की धारा 336, 336-4, 340, 353, 352 एवं 61 के अंतर्गत गंभीर आपराधिक दंड की श्रेणी में आता है। इसलिए संबंधित के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान भाजपा के कानूनी एवं विधिक कार्य विभाग के प्रदेश संयोजक सतीश शर्मा, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा, जिला महामंत्री चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार उपस्थित रहे।

