लखनऊ: उत्तरप्रदेश में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को विमान हादसे जैसी स्थिति बनाकर राहत और बचाव का अभ्यास किया गया।
विमान की लैंडिंग फेल होने के बाद दुर्घटना का दृश्य तैयार किया गया। अलर्ट बजते ही दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। अभ्यास के दौरान आग बुझाने से लेकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने तक की प्रक्रिया दोहराई गई। इसमें करीब 250 अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा
एयरपोर्ट पर आयोजित पूर्णस्तरीय एयरोड्रोम इमरजेंसी एक्सरसाइज ‘साहस-2026’ सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा।
लैंडिंग फेल होने पर दुर्घटना की स्थिति बनाई गई
अभ्यास में विमान की लैंडिंग फेल होने के बाद दुर्घटना की स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल, फायर फाइटिंग टीम, CISF और मेडिकल टीम सक्रिय हुईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। रेस्क्यू टीम ने विमान से यात्रियों को बाहर निकालने का अभ्यास किया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी परखी गई।
250 कर्मियों ने संभाला मोर्चा
अभ्यास में एयरपोर्ट प्रशासन, CISF, NDRF, SDRF, यूपी पुलिस, अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और मेडिकल टीमें शामिल हुईं। सरोजनी नगर अग्निशमन केंद्र, डायल-112 और एयरफोर्स स्टेशन बख्शी का तालाब के कर्मियों ने भी हिस्सा लिया। चंदन हॉस्पिटल और ओपी चौधरी हॉस्पिटल की मेडिकल टीमें मौजूद रहीं।
फायर टेंडर, एंबुलेंस, रेस्क्यू वाहन और आधुनिक अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। इनके जरिए आपात स्थिति में संसाधनों की उपलब्धता और एजेंसियों के बीच तालमेल परखा गया।
ये भी पढ़ें: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर परखी तैयारी
‘साहस-2026’ का आयोजन ICAO और DGCA के मानकों के अनुरूप किया गया। इसमें आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना, संचार व्यवस्था, संकट प्रबंधन और बचाव कार्यों की समीक्षा हुई। यह भी परखा गया कि हादसे की स्थिति में सभी एजेंसियां कितनी तेजी से एक साथ कार्रवाई करती हैं।

