इंदौर में दूषित पानी से मौतों की घटना के बाद भी बेगमगंज में नहीं जागा प्रशासन, महीनों से गंदगी के बीच गुजर रही पेयजल लाइनें; पेट संबंधी बीमारियों की शिकायतें
बेगमगंज: इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इसके बाद भी बेगमगंज नगर में पेयजल व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की लापरवाही लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती है। नगर के कई वार्डों में पेयजल पाइप लाइन गंदी नालियों के बीच खुली पड़ी हैं। कहीं पाइप टूटे हैं तो कहीं लीकेज से पानी बह रहा है। ऐसे हालात में दूषित पानी घरों तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन महीनों से चली आ रही समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।
नगर के रामनगर, श्यामनगर , शाहपुर – हदाईपुर , लखेरापुरा , फकीरा मोहल्ला , मेन रोड़ , काजी मोहल्ला , मुकरबा , पीरा शाह , पक्का फाटक और अयोध्यानगर सहित कई इलाकों में पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हैं। कुछ स्थानों पर पाइप खुले में गंदी नालियों के बीच से गुजर रहे हैं। लीकेज के कारण पानी बाहर निकल रहा है। वहीं पानी सप्लाई बंद होने के दौरान पाइपों में दूषित पानी प्रवेश करने की आशंका से रहवासी चिंतित हैं।
लोगों का कहना है कि जब इन्हीं पाइपों से घरों में पेयजल पहुंच रहा है, तो पानी की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए। पिछले साल तो पानी में छोटे -छोटे सफेद कीड़े आने की शिकायतें मिलने पर नगरपालिका द्वारा कीटनाशक दवाई डलवाई गई थी।
वार्ड 18 में लोहे के पाइपों से सप्लाई
वार्ड क्रमांक 18 में पेयजल सप्लाई के लिए लोहे और स्टील के पाइपों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई जगह पाइप लाइन की स्थिति खराब होने और लीकेज की समस्या के कारण रहवासियों को परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पाइप लाइन बदलने और लीकेज सुधारने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों के बीच सुरक्षित पेयजल सप्लाई के दावे सवालों के घेरे में हैं।
पेट संबंधी बीमारियों की शिकायतें
रहवासियों के अनुसार दूषित पानी पीने से लोगों को पीलिया ,पेट दर्द, उल्टी-दस्त , बच्चों को डायरिया , पीलिया और अन्य पेट संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बीमारियों का दूषित पानी से सीधा संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन पेयजल लाइन की मौजूदा स्थिति संक्रमण की आशंका बढ़ा रही है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते पाइप लाइन दुरुस्त नहीं की गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
इंदौर जैसी घटना का इंतजार क्यों?
इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद पेयजल व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर प्रदेशभर में सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की गई थी। बेगमगंज में भी गंदे नालों के बीच खुले पाइप और लीकेज की समस्या सामने आने के बावजूद सुधार नहीं होना चिंता का विषय है। नगरवासियों का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना के बाद ही जागेगा?
लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि प्रभावित वार्डों में तत्काल पाइप लाइन का निरीक्षण कर लीकेज बंद किए जाएं, नालियों में पड़ी पाइप लाइनों को सुरक्षित स्थानों पर बिछाया जाए, पानी के नमूनों की जांच कराई जाए और दूषित पानी की आशंका वाले क्षेत्रों में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। पेयजल नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसमें लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
इस संबंध में नगरपालिका सीएमओ एलएस डोंडिया का कहना है कि तत्काल जांच कराने के लिए टीम भेजकर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। सूचना मिलने पर सर्वे के लिए टीम भेज दी गई है।

