Thursday, November 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएलन मस्क का ऐलान- अमेरिका के हर बच्चे को मिलेंगे स्पेसएक्स के...

एलन मस्क का ऐलान- अमेरिका के हर बच्चे को मिलेंगे स्पेसएक्स के 2 शेयर

वॉशिंगटन: अमेरिका के हर बच्चे को दुनिया की प्रमुख अंतरिक्ष कंपनियों में शामिल स्पेसएक्स के दो शेयर मुफ्त दिए जाएंगे। कंपनी के प्रमुख एलन मस्क ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। योजना के तहत एक शेयर स्पेसएक्स की ओर से और दूसरा मस्क अपनी निजी हिस्सेदारी से देंगे। मस्क ने बच्चों और उनके परिवारों को सलाह दी है कि वे इन शेयरों को जल्द बेचने के बजाय लंबे समय तक अपने पास रखें। उनका मानना है कि भविष्य में कंपनी की सफलता के साथ इन शेयरों की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

दो चरणों में बच्चों को मिलेंगे शेयर

मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि स्पेसएक्स की ओर से दिया जाने वाला पहला शेयर दिसंबर 2026 में ट्रांसफर किया जाएगा। वहीं, उनकी निजी हिस्सेदारी से मिलने वाला दूसरा शेयर जून 2027 में दिया जाएगा।

मस्क के मुताबिक, निजी हिस्सेदारी वाला शेयर जून 2027 में उनकी शेयर लॉकअप अवधि समाप्त होने के बाद ट्रांसफर किया जाएगा। लॉकअप अवधि वह समय होता है, जिसमें शेयरों को बेचने या ट्रांसफर करने पर प्रतिबंध रहता है।

गौरतलब है कि मस्क ने अक्टूबर में भी अमेरिका के प्रत्येक बच्चे को अपनी निजी हिस्सेदारी से एक शेयर देने की योजना बताई थी। अब उन्होंने कंपनी की ओर से भी एक शेयर देने का ऐलान किया है।

स्पेसएक्स की वैल्यू को लेकर मस्क का बड़ा दावा

मस्क ने बच्चों को शेयर संभालकर रखने की सलाह देते हुए स्पेसएक्स के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी इंसानों को एक से अधिक ग्रहों पर बसाने और सूर्य की ऊर्जा के दस लाखवें हिस्से का भी इस्तेमाल करने में सफल रहती है, तो उसका मूल्य मौजूदा वैश्विक अर्थव्यवस्था से करीब दस लाख गुना तक हो सकता है।

हालांकि, मस्क ने माना कि इन लक्ष्यों को हासिल करना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन इसके लिए रास्ता मौजूद है। उनका मानना है कि कंपनी की दीर्घकालीन संभावनाएं उसके शेयरों की कीमत को भविष्य में काफी ऊपर ले जा सकती हैं।

स्पेसएक्स में मस्क की 48.4% हिस्सेदारी

कंपनी की नियामकीय जानकारी के अनुसार, 30 जून तक एलन मस्क के पास स्पेसएक्स की 48.4 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। उनके पास करीब 6.42 अरब शेयर हैं। इनमें 84.95 करोड़ क्लास ए शेयर और ट्रस्ट के माध्यम से रखे गए 392 करोड़ क्लास बी शेयर शामिल हैं।

इसके अलावा उनके पास लगभग 130 करोड़ प्रतिबंधित क्लास बी शेयर भी हैं। शेयर विकल्पों के तहत उन्हें 35 करोड़ अतिरिक्त क्लास बी शेयरों से जुड़े अधिकार मिले हुए हैं। इस तरह स्पेसएक्स में मस्क की बड़ी हिस्सेदारी है।

ये भी पढ़ें: श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

तीसरी तिमाही में 161% बढ़ा राजस्व

स्पेसएक्स के कारोबार में भी तेजी दर्ज की गई है। कंपनी ने तीसरी तिमाही में 14.58 अरब डॉलर का राजस्व हासिल किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 161 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इकाई, जिसका नाम अब सुपर इंटेलिजेंस रखा गया है, ने अकेले 7.56 अरब डॉलर का राजस्व कमाया। यह पिछले साल की समान अवधि से करीब दस गुना अधिक है।

कंपनी एंथ्रोपिक, गूगल और रिफ्लेक्शन एआई जैसी कंपनियों को कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इस कारोबार के विस्तार के लिए स्पेसएक्स ने पूंजीगत खर्च करीब तीन गुना बढ़ाकर 19.6 अरब डॉलर कर दिया है।

कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी ब्रेट जॉनसन के अनुसार, चौथी तिमाही में पूंजीगत खर्च 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन