बेगमगंज: विकासखंड के ग्राम उमरखोह में आयोजित हुई ग्राम चौपाल में कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने कृषकों से किया सीधा संवाद करते हुए पराली प्रबंधन, ई-विकास प्रणाली, संतुलित उर्वरक और ई-रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दी।
कलेक्टर ने ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।
चौपाल के दौरान कलेक्टर ने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती ‘पराली (नरवाई) प्रबंधन’ पर विशेष जोर देते हुए किसानों से इसे खेत में न जलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति और मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और सुगमता लाने के लिए लागू की गई ‘ई-विकास प्रणाली’, मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए ‘संतुलित उर्वरक प्रबंधन’ और भूमि संबंधी दस्तावेजों के सरलीकरण हेतु ‘ई-रजिस्ट्री’ प्रक्रिया के लाभों एवं कार्यप्रणाली के बारे में कृषकों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
ये भी पढे़ं: बेगमगंज में नालियों में खुले पड़े पेयजल पाइप, कहीं लीकेज तो कहीं लोहे की लाइन से सप्लाई; दूषित पानी का खतरा
पराली न जलाने की पुरजोर अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित कुमार लोधी ने भी कृषकों से पर्यावरण संरक्षण और भूमि की गुणवत्ता बचाने के लिए पराली न जलाने की पुरजोर अपील की तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
वहीं, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डीके नायक ने किसानों को पराली प्रबंधन में सहायक आधुनिक कृषि यंत्रों—जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, रोटावेटर और बेलर आदि के उपयोग तथा उन पर शासन द्वारा दिए जा रहे अनुदान की विस्तृत जानकारी दी। जिससे किसान पराली को खाद या पशुचारे के रूप में उपयोग कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमल सोलंकी ,अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित लोधी , वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डीके नायक सहित समस्त खंड स्तरीय एवं क्षेत्रीय अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्राम उमरखोह व आसपास के क्षेत्रों से आए कृषकगण उपस्थित रहे।

