भोपाल: मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की थाली अब नए स्वाद और पोषण से भरपूर होगी। बच्चों को सप्ताह में एक दिन उनके क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। मालवा में दाल-बाफला और भुट्टे का कीस, निमाड़ में दाल-पानिया तो बुंदेलखंड में दाल-बाटी और बेसन के चीले खाने को मिलेंगे। इसके अलावा बच्चों को पालक, मेथी और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों से बनी चपाती भी दी जाएगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण योजना के तहत मध्याह्न भोजन की नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसका उद्देश्य बच्चों को स्वादिष्ट भोजन देने के साथ उनके पोषण स्तर में सुधार करना है। नई व्यवस्था में स्थानीय खानपान, मौसमी सब्जियों और पौष्टिक खाद्य सामग्री को विशेष महत्व दिया गया है। मेन्यू तैयार करने में स्कूल प्रबंधन समिति के साथ अभिभावकों और बच्चों की राय भी ली जाएगी।
हर अंचल के पारंपरिक व्यंजन होंगे मेन्यू में शामिल
नई व्यवस्था में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की खानपान परंपराओं को जगह दी गई है। मालवा में दाल-बाफला, भुट्टे का कीस, गेहूं की थूली और सेव-टमाटर की सब्जी परोसी जाएगी। निमाड़ में दाल-पानिया के साथ मक्का और ज्वार की भाकरी मिलेगी।
विंध्य और महाकौशल में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी और कोदो-कुटकी से बने व्यंजन शामिल होंगे। बुंदेलखंड में बेसन के चीले, दाल-बाटी और महेरी दी जाएगी। वहीं, ग्वालियर-चंबल में बाजरे की राबड़ी, बेड़ई और मौसमी सब्जियां परोसी जाएंगी। भोपाल-नर्मदापुरम क्षेत्र के मेन्यू में पंचमेल दाल, दाल-बाफला और गेहूं की लापसी शामिल की गई है।
पालक और गाजर से बनेंगी रंगीन चपातियां
बच्चों में पोषण की कमी दूर करने के लिए भोजन में नए प्रयोग भी किए जाएंगे। आटे में पालक, मेथी, बथुआ और सहजन की पत्तियां मिलाकर हरी चपाती बनाई जाएगी। गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती तैयार की जाएगी। सहजन की पत्तियों का पाउडर दाल, खिचड़ी और आटे में भी मिलाया जा सकेगा।
नई गाइडलाइन के अनुसार सप्ताह में कम से कम दो दिन हरी पत्तेदार सब्जियां देना जरूरी होगा। हालांकि, बारिश के मौसम में संक्रमण की आशंका को देखते हुए हरी पत्तेदार सब्जियां मेन्यू से बाहर रखी जाएंगी।
छह दिन के लिए अलग-अलग भोजन निर्धारित
बच्चों को सप्ताह के छह कार्यदिवसों में अलग-अलग तरह का भोजन दिया जाएगा। सोमवार को रोटी, सब्जी और मिक्स दाल, मंगलवार को दाल-चावल या दाल ढोकली परोसी जाएगी। बुधवार को स्थानीय पारंपरिक व्यंजन मिलेगा।
गुरुवार को कढ़ी जैसे दूध-दही से बने पकवान, शुक्रवार को पुलाव या खिचड़ी के साथ मौसमी फल और शनिवार को पराठे या पूरी के साथ चना अथवा सोया बड़ी की सब्जी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: अमेरिका का भारत पर 25% टैरिफ लगाने का प्रस्ताव, ट्रेड डील से 17% तक आ सकती है दर; भारतीय निर्यातकों की बढ़ी चिंता
कक्षा के अनुसार कैलोरी और प्रोटीन भी तय
नई मार्गदर्शिका में बच्चों की उम्र और कक्षा के अनुसार भोजन की पोषण मात्रा भी निर्धारित की गई है। पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन देना होगा। छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 700 कैलोरी और 20 ग्राम प्रोटीन अनिवार्य किया गया है।
भोजन की गुणवत्ता और पोषण का स्तर बनाए रखने के लिए विशेषज्ञों की मदद से रेसिपी बुक तैयार की जाएगी। इसमें प्रत्येक व्यंजन बनाने की विधि और एक बच्चे के लिए आवश्यक सामग्री की मात्रा दर्ज होगी। होम साइंस कॉलेज के विशेषज्ञ समय-समय पर भोजन की पोषण गुणवत्ता की जांच भी करेंगे।

