Thursday, November 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजबलपुर में कांग्रेस का संविधान रक्षा संकल्प मार्च, जीतू पटवारी बोले -...

जबलपुर में कांग्रेस का संविधान रक्षा संकल्प मार्च, जीतू पटवारी बोले – संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा

भोपाल: संविधान दिवस के अवसर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत संस्कारधानी जबलपुर में भव्य ‘संविधान रक्षा संकल्प मार्च’ का आयोजन किया गया। मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, तरुण भनोट, लखन घनघोरिया, जयवर्धन सिंह सहित प्रदेश के विधायकगण एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

इस अवसर पर सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, समस्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

संविधान की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी: जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना देश के हर नागरिक और कांग्रेस परिवार की जिम्मेदारी है। आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। हमारे पूर्वजों ने वर्षों तक यातनाएं सहीं, असंख्य बलिदान दिए और हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, लेकिन आजादी के अपने संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता प्रदान की। संविधान ने यह सुनिश्चित किया कि देश किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर चले।

पटवारी ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने संविधान और लोकतंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर पहले ही आगाह किया था। यदि कोई अधिनायकवादी सोच संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को दबाने का प्रयास करती है, तो संविधान की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार मताधिकार पर संकट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हमारा संकल्प स्पष्ट है – संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा और नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

भाजपा पहले बाबा साहेब का संविधान पढ़ ले: उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि देश के संविधान निर्माण में कांग्रेस के योगदान को पूरा देश जानता है। इसी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को दोबारा गुलामी की ओर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा को देश चलाने से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान पढ़ना चाहिए और उसके मूल्यों को समझना चाहिए। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ती रहेगी।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में बदलेगा मिड-डे मील, सप्ताह में एक दिन परोसे जाएंगे क्षेत्रीय व्यंजन

वोटर लिस्ट पर पैनी निगाह रखें: अरुण यादव

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि हमें वोटर लिस्ट पर पैनी निगाह रखनी होगी। देश और प्रदेश की सरकार लगातार संविधान को कमजोर करने का काम कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यह लड़ाई केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की लड़ाई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों पर सतर्क निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के प्रति सजग रहें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा आवश्यक है।

संविधान रक्षा संकल्प मार्च के माध्यम से सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन