Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeवीडियोहिंगोट 💥 पर पूर्ण प्रतिबंध 🚫 के लिए पुलिस सख्त: कुप्रथा रोकने...

हिंगोट 💥 पर पूर्ण प्रतिबंध 🚫 के लिए पुलिस सख्त: कुप्रथा रोकने को लेकर कोतवाली में हुआ जनसंवाद, 12 लोगों पर बंधपत्र की कार्रवाई

बड़वानी।
दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के दौरान बारूद भरे प्रतिबंधित हिंगोट को छोड़ने की कुप्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए बड़वानी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मंगलवार शाम कोतवाली परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ अधिकारियों और आमजन ने मिलकर इस प्रथा को रोकने पर गहन विचार-विमर्श किया।

जनसंवाद में एकमत से हिंगोट की कुप्रथा पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की बात कही गई, वहीं पुलिस ने भी इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

एएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी:

जनसंवाद में एएसपी श्री धीरज बब्बर ने कहा कि हिंगोट की कुप्रथा वर्षों से चल रही है, जिसके कारण बीते वर्षों में लोग घायल हुए हैं और माल-हानि की घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कलेक्टर द्वारा हिंगोट को प्रतिबंधित किया गया है और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इस बार प्रतिबंध का पालन करवाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने बताया कि इसकी रोकथाम के लिए पुलिस ने गत वर्षों में इसमें संलिप्त रहे 12 लोगों के विरुद्ध 1-1 लाख रुपए का बंधपत्र भरवाकर सख्त कार्रवाई प्रस्तावित की है।

पुलिस जुटा रही है योजनाबद्ध तरीके से जानकारी:

एएसपी ने बताया कि पुलिस हिंगोट की कुप्रथा को रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि हिंगोट कहाँ से लाई जाती है, बारूद की सामग्री कहाँ से आती है, और कौन लोग इसके संचालन में संलिप्त रहते हैं। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही इस कुप्रथा को रोकना संभव हो पाएगा।

जनसंवाद में शामिल रहे ये लोग:

जनसंवाद में एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी दिनेशसिंह चौहान, तहसीलदार हितेंद्र भावसार, यातायात थाना प्रभारी विनोद सिंह बघेल, थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, विद्युत कंपनी सहायक यंत्री जेआर गंगारे, नगर सुरक्षा समिति सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पत्रकार बंधु और व्यापारी सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने हिंगोट की रोकथाम को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।

क्या है हिंगोट?

उल्लेखनीय है कि हिंगोट एक कच्चे आम की भांति फल होता है, जिसे अंदर से खोखला कर उसमें बारूद भरकर दीपावली और पड़वा के दिन शहर के मुख्य एमजी रोड सहित अन्य क्षेत्रों में छोड़ा जाता है। बीते वर्षों में इससे हुई दुर्घटनाओं के कारण इसे प्रतिबंधित कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन