खजुराहो में कैबिनेट बैठक से पहले ट्रेन में भजन गाते दिखे मंत्री, वीडियो वायरल

छतरपुर। मध्यप्रदेश की विश्व प्रशिद्ध एवं ऐतिहासिक नगरी खजुराहो से कामकाज करेगी मोहन यादव सरकार। सोमवार को प्रदेश सरकार के मंत्रियों का जमावड़ा प्रारंभ हो गया। यहां मुख्यमंत्री मोहन विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे। नगरी निकाय विभाग सहित 5 विभागों का रिव्यू लिया जाएगा। मंगलवार को मंत्री परिषद की बैठक की जाएगी, जिसमें विकास की रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस बीच खजुराहो पहुंच रहे मंत्रियों का एक वीडियो ट्रेन में भजन गाते हुए वायरल हो रहा है।
मध्यप्रदेश सरकार अगले दो दिनों तक खजुराहो से कामकाज करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 दिसंबर को विभागीय समीक्षा करेंगे, जबकि 9 दिसंबर को कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए राज्य के तीन मंत्री रविवार को ट्रेन से खजुराहो के लिए रवाना हुए। सफर के दौरान मंत्रियों ने ‘गोविंद बोलो हरी गोपाल बोलो’ भजन गाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो साझा किया है। इसमें वे जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और आदिम जाति कल्याण मंत्री कुंवर विजय शाह के साथ ट्रेन में सफर करते दिख रहे हैं। वीडियो में विजयवर्गीय चाय का कप हाथ में लेकर भजन गाते दिखाई देते हैं, जबकि अन्य मंत्री भी सुर में उनका साथ देते नज़र आ रहे हैं।
कैबिनेट बैठक के दौरान केनदृबेतवा लिंक परियोजना और बुंदेलखंड क्षेत्र के व्यापक विकास पर विशेष फोकस रहेगा। बैठक में सरकार के दो साल के कामकाज की समीक्षा, आने वाली योजनाओं, निवेश, पर्यटन और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।