33 केवी की हाईवोल्टेज लाइन से टकराया ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट

सिवनी। कुरई ब्लॉक स्थित गोपालगंज के पास आमगांव के खेत में एक ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। जानकारी के अनुसार, रेडबर्ड एविएशन कंपनी का यह ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट शाम लगभग 5:45 बजे अचानक नीचे आने लगा और तभी यह 33 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गया। टकराव इतना जोरदार था कि बिजली लाइन का तार टूट गया और विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान अचानक विमान की ऊँचाई कम होने लगी और कुछ ही सेकंड में यह तेजी से नीचे आकर खेत में गिर गया। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में जुट गए।

ग्रामीणों ने कहा — इस इलाके में पहले भी दो बार ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, फिर भी न तो विमानन कंपनी ने सुरक्षा-प्रबंधों में सुधार किया है, और न जिला प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया। साथ ही एक ग्रामीण ने आगाह करते हुए कहा — अगर यही लापरवाही जारी रही, तो एक दिन ऐसा बड़ा हादसा हो जाएगा, जिसे रोका नहीं जा सकेगा।

बिजली विभाग की  सक्रियता

स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस बीच, बिजली विभाग की एक तकनीकी टीम भी फौरन मौके पर पहुंची । टीम ने टूटी हुई 33 केवी लाइन का निरीक्षण और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कि हादसे के सटीक कारणों का पता जांच पूरी होने पर ही चलेगा। फिलहाल, इस हादसे के चलते आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही , विभाग अब जल्द आपूर्ति बहाल करने की कोशिश में है।