बालाघाट। अहीर यादव समाज ब्लॉक लांजी–बापड़ी द्वारा सातवां प्रतिभा सम्मान एवं मिलन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे शामिल हुए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग एकत्रित हुए।
कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुती
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। साथ ही अतिथियों को बाजे-गाजे और भव्य पुष्पवर्षा के साथ कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। स्वागत-सत्कार के बाद समाज के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुती दी, जिसने सभी का मन मोह लिया।

शिक्षा, संगठन और नारी शक्ति पर जोर
मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गुलाब यादव ने लांजी में समाज के लिए भवन और बच्चों की शिक्षा हेतु लाइब्रेरी की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार कर्राहे ने कहा कि- मध्यप्रदेश की राजनीति का परिदृश्य बदलने में यादव समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यादव समाज हर क्षेत्र में आगे है। आने वाली पीढ़ी को भी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहिए।
तो वही बैहर नगर अध्यक्ष सुरेश यादव ने समाज की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके साथ ही बिरसा से राधा ठाकुर यादव ने शिक्षा के महत्व और नारी शक्ति को समाज की मजबूती का आधार बताया। इसके अलावा मनोज यादव, परमानंद यादव और गोंदिया अध्यक्ष देवकीशन यादव ने भी अपने विचार रखे।
विद्यार्थियों को किया सम्मान
इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और एक हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान राशि दिलीप यादव, चंचलेश यादव और रवि पांचे की ओर से प्रदान की गई।


