स्विट्जरलैंड। स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध टूरिस्ट डेस्टिनेशन क्रांस-मोंटाना स्थित अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में एक भयानक हादसा हो गया। इस रिसॉर्ट में लोग नए साल का स्वागत करते हुए जश्न मना रहें थे। तभी अचानक से एक जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में कई लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
रात करीब 1:30 बजे हुआ हादसा
यह घटना स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध टूरिस्ट डेस्टिनेशन क्रांस-मोंटाना स्थित अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में हुई। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 1:30 बजे कॉन्स्टेलेशन बार के अंदर धमाका हुआ, जहां न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए भारी भीड़ मौजूद थी। धमाके के तुरंत बाद बार में आग फैल गई, जिसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। चंद मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि वहां मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मौत और घायलों की संख्या
कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 40 तक बताई जा रही है, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि स्विट्जरलैंड पुलिस ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं और कहा है कि हताहतों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, अस्पतालों में इमरजेंसी
घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला। रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टरों की भी मदद ली गई। घटना के बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक- अस्पताल झुलसे और गंभीर रूप से घायल मरीजों से भर चुके हैं। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें आईसीयू में रखा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि- हर कुछ मिनटों में हेलिकॉप्टर उड़ान भरते नजर आए। पड़ोसी देश इटली ने भी राहत कार्य के लिए हेलिकॉप्टर भेजा है।
फॉरेंसिक जांच में जुटी टीमें
फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके से साक्ष्य इकट्ठा कर रहे हैं। बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आग की लपटें और धुएं का गुबार दिख रहा है, हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि इवेंट के दौरान हुई आतिशबाजी के चलते आग लगी, जो बाद में विस्फोट में बदल गई। हालांकि पुलिस ने अभी इस थ्योरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नो-फ्लाई जोन घोषित
सुरक्षा कारणों से क्रांस-मोंटाना शहर को अस्थायी रूप से नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। साथ ही विस्फोट स्थल और उसके आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। स्विट्जरलैंड पुलिस ने हादसे को लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जानकारी साझा करने की बात कही है।


