मकर संक्रांति पर सेठानी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भोपाल। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम स्थित सेठानी घाट आस्था का विशाल केंद्र बन गया। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। तिल-खिचड़ी दान, सत्यनारायण कथा और नर्मदा स्नान के साथ लोगों ने पुण्य लाभ अर्जित किया।
मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम का प्रसिद्ध सेठानी घाट बुधवार तड़के से ही श्रद्धालुओं से भर गया। नर्मदा नदी में पवित्र स्नान के लिए भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा समेत आसपास के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

हिंदू पंचांग के अनुसार सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण काल आरंभ होता है, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। इसी कारण मकर संक्रांति पर नदी स्नान, दान और पूजा का विशेष महत्व होता है। सेठानी घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी और तिल, खिचड़ी, वस्त्र व कंबल का दान किया। कई सामाजिक संगठनों ने दरिद्र नारायण सेवा के तहत गरीबों को भोजन और गर्म कपड़े वितरित किए।

प्रशासन की ओर से घाट पर सुरक्षा और सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। श्रद्धालुओं का कहना है कि नर्मदा स्नान से आत्मिक शांति मिलती है और पूरे वर्ष सुख-समृद्धि बनी रहती है। शाम तक घाट पर भक्तों का तांता लगा रहा और हर-हर नर्मदे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।