भोपाल। स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने के आरोपों के बाद सियासत गरमा गई है। नगर निगम में हंगामे के बीच कांग्रेस ने मकर संक्रांति पर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए गौ-पूजन का आयोजन किया। पीसी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी ने सरकार पर गौसुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया।
भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने के आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मंगलवार को निगम परिषद की बैठक में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मकर संक्रांति के अवसर पर विरोध का नया तरीका अपनाया। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौ-पूजन का आयोजन किया और गौ माता को तिल-गुड़ का भोग लगाया।
पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में गौ माता सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण राजधानी में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने पूजा के दौरान सरकार की “सद्बुद्धि” के लिए भी प्रार्थना की। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि स्लॉटर हाउस की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सख्त व्यवस्था बनाई जाए।
वहीं हिंदू संगठनों ने स्लॉटर हाउस को स्थायी रूप से बंद करने की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि गौहत्या से जुड़ी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है, लेकिन राजनीतिक दलों के आमने-सामने आने से यह मुद्दा आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।
मकर संक्रांति पर कांग्रेस का गौ-पूजन, स्लॉटर हाउस विवाद तेज


