भोपाल। अगर आप भोपाल में सस्ते और भरोसेमंद घर की तलाश में हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड राजधानी में 9 नए हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है, जिनमें प्लॉट, डुप्लेक्स, ट्रिप्लेक्स और फ्लैट शामिल होंगे।
हाउसिंग बोर्ड के अनुसार इन योजनाओं में 750 से अधिक आवासीय यूनिट विकसित की जाएंगी। अयोध्या नगर क्षेत्र के दामखेड़ा और नरेला शंकरी में बोर्ड के पास बड़ी भूमि उपलब्ध है, जहां क्रमशः 140 और 128 एकड़ में परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। सभी प्रोजेक्ट्स के लिए आर्किटेक्ट की नियुक्ति हो चुकी है और टीएनसीपी से मंजूरी मिलते ही टेंडर और बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी।
अयोध्या एक्सटेंशन के सुरम्य परिसर फेज-3 में 63 एचआईजी डुप्लेक्स बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में 48 डुप्लेक्स तैयार हो चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में 250 फ्लैट्स का निर्माण जारी है। तीसरे चरण की लागत करीब 56 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अवधपुरी और खजूरीकलां फेज-3 में 160 नए फ्लैट बनाए जाएंगे, जिन पर लगभग 67 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां पहले दो चरणों में प्लॉट और डुप्लेक्स की बिक्री लगभग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा अयोध्या नगर में 17 एकड़ में एक हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जा रहा है। सुरम्य परिसर, लवकुश हाईट्स और खजूरीकलां फेज-2 में निर्माण और बुकिंग जारी है। हाउसिंग बोर्ड के अनुसार सभी बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट और एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होंगी, जिससे आम लोगों को पारदर्शी तरीके से घर खरीदने का मौका मिलेगा।
भोपाल में घर उपलब्ध कराने के लिए हाउसिंग बोर्ड लाएगा 9 नए प्रोजेक्ट, 750 से ज्यादा मकान


