राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आज सुबह से कई मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है। बदलते मौसम का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। इसी बीच देशभर में आज बसंत पंचमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। मां सरस्वती की पूजा के साथ-साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर भी विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नोएडा में दिन में छाया अंधेरा
नोएडा में आज सुबह से ही भारी बारिश जारी है। दिन के समय भी घने बादलों की वजह से रात जैसा अंधेरा छाया हुआ है। सड़कों पर चल रहे वाहनों को कम दृश्यता के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।\

केदारनाथ में भारी बर्फबारी
उत्तराखंड के श्री केदारनाथ धाम में आज सुबह से लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत जम गई है। मौसम विभाग और मंदिर समिति ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा निलंबित
जम्मू-कश्मीर के बारामूला सहित कई इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं श्री माता वैष्णो देवी भवन और भैरोनाथ मंदिर में इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। बर्फ की सफेद चादर से ढका पवित्र परिसर बेहद मनमोहक नजर आया। इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने दिव्य और शांत वातावरण का अनुभव किया।
कटरा में लगातार बारिश और श्री माता वैष्णो देवी भवन में बर्फबारी के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा को फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। फिसलन और खराब मौसम को देखते हुए यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, मौसम में सुधार होने के बाद स्थिति की समीक्षा कर यात्रा को दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे श्राइन बोर्ड और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें।


