Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगणतंत्र दिवस से पहले शोक की खबर, डोडा में सेना के वाहन...

गणतंत्र दिवस से पहले शोक की खबर, डोडा में सेना के वाहन हादसे में 10 जवानों की मौत

जम्मू-कश्मीर। डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां भद्रवाह–चंबा मार्ग पर सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 10 जवानों की जान चली गई। हादसे में कई अन्य जवान घायल भी हुए हैं। यह हादसा डोडा जिले के खन्नी टॉप इलाके में हुआ, जहां सेना का बुलेटप्रूफ वाहन ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहा था। वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और गाड़ी करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों को किया गया एयरलिफ्ट

हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मौके से 10 जवानों के शव बरामद किए गए। घायल जवानों को तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्रों में चल रहा है।

बर्फीली सड़क बनी हादसे की वजह

डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि- हादसे के वक्त सड़क पर बर्फ जमी हुई थी, जिससे वाहन फिसल गया और चालक नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

बेहद खतरनाक है भद्रवाह–चंबा रोड

भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड जम्मू-कश्मीर को हिमाचल प्रदेश से जोड़ती है। यह इलाका ऊंचे पहाड़ों, गहरी खाइयों और घने जंगलों से घिरा हुआ है। जहां हादसा हुआ, खन्नी टॉप क्षेत्र समुद्र तल से करीब 9 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां मौसम तेजी से बदलता है और बर्फबारी के बाद रास्ता बेहद जोखिम भरा हो जाता है।

हादसे पर नेताओं ने जताया शोक

इस हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताया।

हाल के वर्षों में ऐसे हादसे

पिछले एक साल में सशस्त्र बलों से जुड़े कई सड़क हादसे सामने आ चुके हैं जिसमें से —

  • जनवरी 2025: बांदीपोरा में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 4 जवान शहीद
  • मार्च 2025: मणिपुर में BSF वाहन हादसा, 3 जवानों की मौत
  • मई 2025: रामबन में वाहन खाई में गिरा, 3 जवान शहीद
  • अगस्त 2025: उधमपुर में CRPF वाहन हादसा, 3 जवानों की मौत

हालिया मुठभेड़ में भी गया था एक जवान

गौरतलब है कि तीन दिन पहले किश्तवाड़ में आतंकियों की तलाश के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान घायल हुए हवलदार गजेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

 

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन