चीन में पलक झपकते धंसी सड़क, डरावना VIDEO हुआ वायरल

शेयर करे

शंघाई। चीन के सबसे आधुनिक शहरों में गिने जाने वाले शंघाई से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने विकास और सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक व्यस्त सड़क अचानक कुछ ही सेकंड में धंस गई और ऐसा लगा जैसे धरती के अंदर कोई विशाल दरवाजा खुल गया हो। यह पूरा मंजर सड़क किनारे लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि सड़क पर चल रहे लोग और वहां से गुजर रहे वाहन अचानक जमीन धंसते देख घबरा जाते हैं और जान बचाने के लिए तेजी से पीछे हटते हैं। कुछ ही सेकंड में सड़क का बड़ा हिस्सा टूटकर एक गहरे गड्ढे में बदल जाता है, जिसमें ऊपर मौजूद हर चीज देखते-देखते समा जाती है।

सूत्रों अनुसार बताया जा रहा है कि यह हादसा शंघाई में जियामिन मेट्रो लाइन के निर्माण कार्य के दौरान हुआ। सड़क के नीचे मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था, तभी अचानक जमीन के भीतर बड़ा सिंकहोल बन गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियामिन लाइन के क्यूक्सिन रोड मेट्रो स्टेशन के पास निर्माण स्थल पर हुए रिसाव के कारण सड़क की संरचना कमजोर हो गई और देखते ही देखते वह धंस गई।

हालांकि शंघाई को चीन की आधुनिकता और तकनीकी प्रगति का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इस घटना ने दिखा दिया कि तेज रफ्तार विकास के साथ जोखिम भी बढ़ते जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इलाके को घेर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो ने लोगों के मन में डर और चिंता जरूर पैदा कर दी है।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *